
Who is Rohan Parekh: मुंबई में खुद को PMO का अधिकारी बताकर Jio World Plaza में प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में 24 साल का रोहन पारेख इस समय पुलिस जांच के केंद्र में हैं। वह एक हीरा व्यापारी का बेटा है। हालांकि, उसके वकील ने कोर्ट में कहा है कि संभव है कि रोहन पारेख खुद ही धोखाधड़ी का शिकार हुआ हो। मुंबई पुलिस ने सोमवार को जियो वर्ल्ड प्लाजा की सुरक्षा में सेंध लगाने और गलत पहचान बताने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें रोहन पारेख भी शामिल हैं।
बता दें कि इसी कॉम्प्लेक्स में मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 7वें Global Fintech Fest में भाषण देना था। रिपोर्ट के मुताबिक, पारेख के साथ मौजूद तीसरा व्यक्ति मौके से लापता हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए Jio World Plaza और कन्वेंशन सेंटर में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। आमतौर पर Special Protection Group (SPG) प्रधानमंत्री के पहुंचने से करीब 5 दिन पहले ही कन्वेंशन सेंटर की सुरक्षा संभाल लेता है। Jio Convention Centre में कुल 22 गेट हैं। यह बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के बीच करीब 17 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।
ये भी पढ़ें : PM मोदी के कार्यक्रम में घुसने वाला था फर्जी अफसर! नकली ID और बंदूक के साथ दो हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, रोहन पारेख ने खुद को PMO का अधिकारी बताया। उसने अपने फोन पर एक पहचान पत्र भी दिखाया। इसके बाद उसे परिसर के अंदर जाने की अनुमति दे दी गई। वहीं, बंदूक लेकर आए व्यक्ति ने खुद को SPG का सदस्य बताया। हालांकि, उसे और उसके साथ मौजूद तीसरे व्यक्ति को सुरक्षा कर्मचारियों ने रोक दिया। पारेख कुछ ही मिनट बाद प्लाजा से बाहर निकल आया। इसके बाद तीनों वहां से चले गए।
SPG ने पारेख के PMO अधिकारी होने के दावे और बंदूक लेकर आए व्यक्ति के खुद को SPG सदस्य बताने की जांच शुरू की। मॉल के प्रवेश द्वार पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि तीनों लोग एक मर्सडीज कार से वहां पहुंचे थे। कार की नंबर प्लेट की जांच करने पर सामने आया कि गाड़ी खार वेस्ट की 12th रोड पर रहने वाले रोहन प्रेमल पारेख के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके बाद पुलिस की एक टीम रोहन पारेख को पकड़ने के लिए उनके पते पर पहुंची।
पारेख ने पुलिस को बताया कि उनके साथ मौजूद लोगों में से एक उनका दोस्त प्रथमेश बागुल था, जो वर्ली का रहने वाला है। दूसरा व्यक्ति दिलीप कुंडे था, जो उनका बॉडीगार्ड है और पूर्व सैनिक रह चुका है। पुलिस ने दिलीप कुंडे को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक रिवॉल्वर और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, पुलिस 26 वर्षीय प्रथमेश बागुल की तलाश कर रही है। पारिख और कुंडे को 11 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नासिक का रहने वाला दिलीप कुंडे एक रिटायर्ड सैनिक है। वह रोहन पारिख के पिता के लिए बॉडीगार्ड के तौर पर काम करता है। कुंडे के पास हथियार रखने का लाइसेंस भी है। पुलिस ने उसके पास से एक रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि PMO अधिकारी होने का दावा करने और Jio World Plaza में प्रवेश की कोशिश के पीछे असल वजह क्या थी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।