
Rajiv Acharya Israel: जेरूसलम में बुजुर्ग दंपति की देखभाल करने वाले भारतीय नागरिक राजीव आचार्य की मौत ने इजरायल में रह रहे भारतीय समुदाय को झकझोर दिया है। घर में ही उन पर कथित तौर पर धारदार वस्तु से हमला हुआ था। अब इस मामले में बुजुर्ग दंपति के पोते अवियर जकेन को संदिग्ध के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। जानिए राजीव आचार्य कौन थे, उनकी फैमिली और मौत पर भारत का रूख। आखिर राजीव आचार्य के साथ क्या हुआ था, पूरी डिटेल।
राजीव आचार्य इजरायल के जेरूसलम में एक बुजुर्ग दंपति की देखभाल का काम करते थे। वह उस घर में केयरगिवर के तौर पर तैनात थे और दंपति के रोजमर्रा के जीवन में उनकी अहम भूमिका थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राजीव अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। राजीव की मौत की खबर सामने आने के बाद उनका परिवार न्याय और आर्थिक मदद की मांग कर रहा है। उनके चचेरे भाई परिचित आचार्य ने सिक्किम क्रॉनिकल को बताया कि परिवार चाहता है कि मामले में उचित कानूनी कार्रवाई हो और भारतीय दूतावास के जरिए न्याय की प्रक्रिया आगे बढ़े।
इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब राजीव बुजुर्ग दंपति के घर मौजूद थे। आरोप है कि दंपति का पोता अवियर जकेन वहां लंच के लिए आया था। लंच के बाद राजीव अपने कमरे में आराम करने चले गए। जेरूसलम डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के अभियोजक गिनी अवनर की ओर से दाखिल आरोपपत्र के अनुसार, जकेन राजीव के कमरे में गया। दोनों के बीच बातचीत हुई और इसी दौरान जकेन ने कथित तौर पर राजीव की हत्या करने का फैसला किया। इसके बाद धारदार वस्तु से हमला किए जाने की बात सामने आई। राजीव को गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्थापित किया जा रहा है।
इजरायली अधिकारियों ने अवियर जकेन को इस मामले में संदिग्ध के रूप में गिरफ्तार किया है। आरोपपत्र के मुताबिक, वह जुलाई में जेल से रिहा हुआ था। फिलहाल मामले में आरोपों की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच तथा अदालत की कार्रवाई पर निर्भर करेगा।
ये भी पढ़ें- विदेशी टूरिस्ट ने ऐसे सिखाया कैब ड्राइवर को सबक, फर्राटेदार हिंदी सुनकर ड्राइवर भी रह गया हैरान
राजीव की मौत के बाद भारतीय दूतावास ने इजरायली अधिकारियों के संपर्क में रहने की जानकारी दी। दूतावास के अनुसार, अधिकारियों ने एक संदिग्ध की गिरफ्तारी की पुष्टि की है और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। राजीव के पार्थिव शरीर को पिछले सप्ताह भारत लाया गया। इसके बाद भारतीय समुदाय ने निष्पक्ष और पूरी जांच के साथ जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
ये भी पढ़ें- ईरान से दोस्ती की तो खैर नहीं! डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया को क्यों दे डाली सख्त चेतावनी?
राजीव आचार्य की मौत ने विदेश में काम कर रहे भारतीय केयरगिवर्स की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने ला दिया है। इजरायल में भारतीय समुदाय के लोगों ने उनकी पत्नी, बच्चों और माता-पिता के लिए आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। परिवार की सबसे बड़ी मांग फिलहाल यही है कि राजीव की मौत के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आए, कानूनी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से चले और उन्हें न्याय मिले।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।