
नई दिल्ली: वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ने ट्रेन में मिले खाने की क्वालिटी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। महिला का आरोप है कि खाना खाने के बाद उन्हें गंभीर एलर्जी हो गई, जिससे उनके होंठ सूज गए। यही नहीं, उनके 2 साल के बेटे को भी दस्त लग गए। महिला ने अपनी हालत की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जो वायरल हो गईं। हालांकि, IRCTC ने अपनी सफाई में कहा है कि खाने की क्वालिटी ठीक थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर ट्रेनों में मिलने वाले खाने की साफ-सफाई को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है।
यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत के खाने को लेकर कोई शिकायत सामने आई है। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। 'The_Mediocre_Fille' नाम के एक्स (ट्विटर) हैंडल से आयुषी एस. नाम की महिला ने यह शिकायत की है। उन्होंने तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि उनकी यह हालत वंदे भारत में मिले खाने की वजह से हुई है। साथ ही उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट भी शेयर की। महिला ने आरोप लगाया कि यह घटना 27 मार्च को हुई, जब वह वाराणसी से देवघर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22500) के E1 कोच में सफर कर रही थीं।
आयुषी का कहना है कि वंदे भारत में परोसा गया लंच खाने के तुरंत बाद उन्हें गंभीर एलर्जी हो गई। सफर के दौरान उनके 2 साल के बेटे को भी दस्त होने लगे। उन्होंने कहा कि अगर इलाज में देरी होती तो उनकी हालत और बिगड़ सकती थी। उन्होंने बताया कि 24 घंटे के अंदर इलाज मिलने से वह किसी बड़ी अनहोनी से बच गईं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन में मिले पानी का स्वाद भी अजीब था।
महिला की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर होने लगीं। इसके बाद IRCTC ने खुद इस मामले पर जवाब दिया। IRCTC ने कहा कि वंदे भारत में खाने की क्वालिटी संतोषजनक थी। IRCTC ने अपने जवाब में लिखा, "ट्रेन नंबर 22500 BSB-DGHR वंदे भारत एक्सप्रेस में 27.03.2026 को परोसे गए लंच की जांच की गई और उसे संतोषजनक पाया गया। उस दिन खाने की क्वालिटी, साफ-सफाई या सुरक्षा को लेकर कोई और शिकायत नहीं मिली।"
IRCTC के इस जवाब से निराश होकर महिला ने लिखा, "खुशी है कि किसी और को दिक्कत नहीं हुई, लेकिन मुझे और मेरे बेटे को हुई। हमने सिर्फ वंदे भारत का ही खाना खाया था। हम ही भुगत रहे हैं, लेकिन शायद आपको इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।" इसके बाद IRCTC ने महिला को आगे की जांच के लिए सीधे शिकायत दर्ज करने को कहा।
कुछ दिन पहले ही एक यात्री ने वीडियो शेयर कर दावा किया था कि वंदे भारत ट्रेन में परोसे गए दही के पैकेट में कीड़े थे। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। पिछले कुछ महीनों में भारतीय रेलवे में बासी खाने, साफ-सफाई की कमी और खराब क्वालिटी को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। वहीं, रेलवे अधिकारियों का दावा है कि नियमित जांच की जाती है। लेकिन यात्रियों की लगातार आ रही शिकायतें भारतीय रेलवे के फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।