Commonwealth Games 2022: 201kg वजन उठाकर मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड, बिंदियारानी को मिला सिल्वर मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में मीराबाई चानू ने भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। उन्होंने 49kg वर्ग में कुल 201kg वजन उठाकर सोना जीत लिया। वेटलिफ्टर बिंदियारानी देवी सोरोखैबम ने 55kg वर्ग में सिल्वर मेडल जीता।

Asianet News Hindi | Published : Jul 31, 2022 1:32 AM IST / Updated: Jul 31 2022, 07:37 AM IST

बर्मिंघम। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (Commonwealth Games 2022) में मीराबाई चानू (Mirabai Chanu) ने देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। शनिवार को उन्होंने बर्मिंघम में महिलाओं की 49kg वेटलिफ्टिंग कॉम्पटीशन में सोना जीत लिया। मीराबाई ने स्नैच में 88kg और क्लीन एंड जर्क में 113kg उठाया। उन्होंने कुल 201 किलो वजन उठाया। चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में भी स्वर्ण पदक जीता था। भारत को अभी तक चार मेडल मिले हैं।

चानू 49kg वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने की प्रबल दावेदार थीं। चानू ने राष्ट्रमंडल खेलों से पहले कहा था कि मुझे पता है कि प्रशंसक क्या चाहते हैं। मैं राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करूंगी। टोक्यो के बाद मैं मुख्य रूप से अपनी तकनीक पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं। अभी मैं आपको केवल आश्वस्त कर सकती हूं कि मेरे प्रशिक्षण और तकनीक के साथ सब कुछ ठीक है। मैंने इस पर बहुत काम किया है। गोल्ड मेडल जीतने के बाद चानू ने कहा कि मेरा मुकाबला खुद मुझसे था। मुझे खुशी है कि मैं इस बड़े इवेंट में अच्छा प्रदर्शन कर पाई। 

पीएम ने दी बधाई
कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीराबाई चानू को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, "मीराबाई चानू ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया। हर भारतीय इस बात से खुश है कि उसने बर्मिंघम में स्वर्ण पदक जीता और एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया। उनकी सफलता कई भारतीयों विशेषकर नवोदित एथलीटों को प्रेरित करती है।

 

 

 

 

भारत के खिलाड़ियों ने जीते चार पदक
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में अभी तक भारत के खिलाड़ियों ने चार पदक जीते हैं। पहला पदक वेटलिफ्टिंग में संकेत सरगर ने जीता। उन्होंने पुरुषों के 55kg वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। पी गुरुराजा ने पुरुषों के 61kg वर्ग में कांस्य पदक जीता। मीराबाई ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वेटलिफ्टर बिंदियारानी देवी सोरोखैबम ने 55kg वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने कुल 202kg वजन उठाया। 

यह भी पढ़ें- Commonwealth Games 2022: पानवाले के बेटे ने भारत को दिलाया सिल्वर, 13 साल की उम्र में शुरू किया था खेल

पदक जीतने के बाद बिंदियारानी ने कहा कि मेरा अगला लक्ष्य राष्ट्रीय खेल, विश्व चैम्पियनशिप, एशियाई खेल और फिर 2024 पेरिस ओलंपिक हैं। मैं उनमें बेहतर प्रदर्शन करूंगी। मैं पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर पाकर बहुत खुश हूं। आज मैंने अपने जीवन का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। मुझे इस बात का अफसोस है कि सोना मेरे हाथ से फिसल गया। मैं अगली बार और बेहतर प्रदर्शन करूंगी।

यह भी पढ़ें- कॉमनवेल्थ गेम्स 2022: 5 बार एक्सिडेंट, 2 सर्जरी, पैर और कलाई में मेटल रॉड, प्रज्ञा मोहन के हौंसले फिर भी बुलंद

Read more Articles on
Share this article
click me!