
जम्मू: लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को पारा गिरने के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लद्दाख के द्रास में पारा शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
मौसम वैज्ञानिकों ने इन दो केंद्र शासित क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है। द्रास शहर को लद्दाख क्षेत्र का 'प्रवेश द्वार' कहा जाता है और यह शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।
द्रास देश का सबसे ठंडा आवासीय स्थान
अधिकारियों ने बताया कि इस तापमान के साथ द्रास देश का सबसे ठंडा आवासीय स्थान है। द्रास में नौ जनवरी, 1995 को न्यूनतम तापमान शून्य से 60 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ था। प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख के लेह क्षेत्र में तापमान शून्य से 16.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह अप्रत्याशित रूप से श्रीनगर में बर्फबारी के बाद यहां दिन और रात का तापमान क्रमश: 5.8 डिग्री सेल्सियस और शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के लोकप्रिय स्की रिजॉर्ट गुलमार्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिणी कश्मीर के पर्वतीय रिजॉर्ट पहलगाम में तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कटरा में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस
उन्होंने बताया कि जम्मू में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू के बटोट और भद्रवाह में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में इस्तेमाल होने वाले रियासी जिले के कटरा में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
(फाइल फोटो)
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.