
पणजी। गोवा विधानसभा चुनाव 2022 ( Goa Assembly Elections) में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने साफ कर दिया है कि वो 38 सीटों से चुनाव लड़ेगी। राज्य में कुल 40 सीटें हैं। शुक्रवार को पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने ये जानकारी दी है। भाजपा नेता ने कहा कि दो विधानसभा क्षेत्रों बेनालिम और नुवेम में पार्टी अपने चुनाव चिह्न पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। पार्टी का कहना है कि उम्मीदवारों की सूची को पार्टी का संसदीय बोर्ड मंजूरी देगा। 16 जनवरी के बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी।
बता दें कि बेनालिम और नुवेम विधानसभा क्षेत्र के लोग परंपरागत रूप से गैर-भाजपाई उम्मीदवारों के लिए मतदान करते हैं। ये दोनों ईसाई बहुल सीटें हैं। फिलहाल, बेनालिम से चर्चिल अलेमाओ विधायक हैं। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के टिकट पर चुनाव जीता था। हाल ही में वे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गए थे। वहीं, नुवेम से विल्फ्रेड डीसा विधायक हैं। उन्होंने पिछला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए थे। बताते चलें कि भाजपा उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए कोर समिति की बैठकें कर रही है। जल्द ही उम्मीदवारों के ऐलान होने की संभावना है।
केंद्रीय बोर्ड की मंजूरी के बाद जारी होगी प्रत्याशियों की सूची
गोवा में विधानसभा चुनावों में प्रत्याशियों को लेकर पार्टी के प्रभारी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं, जिसमें भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तानावड़े, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत अन्य लोग शामिल हुए। सावंत ने गुरुवार को कहा था कि भाजपा के पदाधिकारी 15 जनवरी को शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करने के लिए दिल्ली जाएंगे, जबकि पार्टी का संसदीय बोर्ड अगले दिन उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देगा।
हाल में 4 विधायकों ने दिया है इस्तीफा
गोवा में इस समय भाजपा सरकार में 23 विधायकों का समर्थन है। हाल ही में 4 विधायक माइकल लोबो, अलीना सल्दान्हा, कार्लोस अल्मेडा और प्रवीण जांटे ने पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। इस बार चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के अलावा, टीएमसी और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) समेत कई अन्य दल मैदान में उतर रहे हैं। गोवा में 14 फरवरी को वोटिंग होगी, जबकि 10 मार्च को नतीजे आएंगे।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.