
पणजी : उत्तर प्रदेश के बाद अब जल्द ही गोवा विधानसभा चुनाव (Goa Election 2022) के लिए बीजेपी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी हो सकती है। प्रत्याशियों के नामों पर मंथन करने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Pramod Sawant) समेत कई नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। जहां उनकी मुलाकात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) और अन्य बड़े नेताओं से होगी। इन सभी के साथ बैठकों का दौर भी चलेगा। जिसमें कैंडिडेट्स के नाम फाइनल होंगे।
38 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बीजेपी
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने साफ कर दिया है कि वो 38 सीटों से चुनाव लड़ेगी। राज्य में कुल 40 सीटें हैं। शुक्रवार को पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने ये जानकारी दी है। भाजपा नेता ने कहा कि दो विधानसभा क्षेत्रों बेनालिम और नुवेम में पार्टी अपने चुनाव चिह्न पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। पार्टी का कहना है कि उम्मीदवारों की सूची को पार्टी का संसदीय बोर्ड मंजूरी देगा। आज की बैठक के बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी।
इन दो सीटों पर नहीं उतारेगी प्रत्याशी
बता दें कि बेनालिम और नुवेम विधानसभा क्षेत्र के लोग परंपरागत रूप से गैर-भाजपाई उम्मीदवारों के लिए मतदान करते हैं। ये दोनों ईसाई बहुल सीटें हैं। फिलहाल, बेनालिम से चर्चिल अलेमाओ विधायक हैं। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के टिकट पर चुनाव जीता था। हाल ही में वे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गए थे। वहीं, नुवेम से विल्फ्रेड डीसा विधायक हैं। उन्होंने पिछला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए थे।
हाल में 4 विधायकों ने दिया है इस्तीफा
गोवा में इस समय भाजपा सरकार में 23 विधायकों का समर्थन है। हाल ही में 4 विधायक माइकल लोबो, अलीना सल्दान्हा, कार्लोस अल्मेडा और प्रवीण जांटे ने पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। इस बार चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के अलावा, टीएमसी और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) समेत कई अन्य दल मैदान में उतर रहे हैं। गोवा में 14 फरवरी को वोटिंग होगी, जबकि 10 मार्च को नतीजे आएंगे।
इसे भी पढ़ें-Goa Assembly Elections 2022: BJP 38 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, 2 दिन बाद होगी प्रत्याशियों की घोषणा
इसे भी पढ़ें-Goa Election 2022 : चुनाव से पहले मनोहर पर्रिकर के बेटे Utpal Parrikar ने अपनाएं बागी तेवर, जानें क्यों
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.