
चंडीगढ़: हरियाणा और पंजाब में पड़ रही कड़ाके की ठंड शुक्रवार को भी जारी रही। हिसार में पारा नीचे लुढ़ककर 0.3 डिग्री पर पहुंच गया। यही नहीं समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड में सर्दी का सितम जारी है। कई शहर शीट लहर की चपेट में हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के हिसार में पिछली रात मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान छह डिग्री नीचे गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के अन्य स्थानों पर भी पारा लुढ़क गया और तत्काल कोई राहत की संभावना नहीं दिख रही है। अगले कुछ दिनों तक कड़कड़ाती ठंड जारी रहने का अनुमान है।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस
राज्य के सिरसा (दो डिग्री सेल्सियस), नारनौल (तीन डिग्री), रोहतक (3.2 डिग्री) और भिवानी (चार डिग्री) में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हो गया। हरियाणा में अंबाला (5.5 डिग्री) और करनाल (सात डिग्री) में भी रात बेहद ठंड रही।
पंजाब में, बठिंडा में सबसे कम 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अमृतसर में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.6 डिग्री, हलवारा 5.5 डिग्री, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री और पटियाला में तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का असर रहा, जिससे शुक्रवार सुबह भी दृश्यता कम रही।
दिल्ली में सर्दी का सितम
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। यहां पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ''न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।'' आर्द्रता का स्तर 86 फीसदी रहा।
118 साल में दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द बना रह सकता है। मौसम के कारण उत्तर भारत में 21 रेलगाड़ियां अधिकतम छह घंटे की देरी से चल रही हैं। शुक्रवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 365 दर्ज किया गया जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार 1901 के बाद से अब तक दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर का महीना है।
अधिकतम तापमान के सामान्य से कम से कम साढ़े चार डिग्री कम रहने पर दिन को 'ठंडा' माना जाता है, अधिकतम तापमान के सामान्य से कम से कम साढ़े छह डिग्री कम रहने पर दिन को 'बेहद ठंडा' माना जाता है।
(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
(फाइल फोटो)
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.