मंगलुरु में हिंसा के बाद सख्ती, पहचान पत्र दिखाने के बाद ही लोगों को मिल रहा शहर में प्रवेश

गुरुवार को मंगलुरु में हुई हिंसा के बाद लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने घरों से निकलने से बचें शहर में प्रवेश के इच्छुक लोगों को सिर्फ आपात मामलों में पहचानपत्र दिखाने पर ही प्रवेश मिल रहा है
 

Asianet News Hindi | Published : Dec 20, 2019 9:52 AM IST

मंगलुरु: केरल से तलाप्पडी सीमा के रास्ते मंगलुरु आने वाले लोगों को पुलिस की सख्त जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। शहर में प्रवेश के इच्छुक लोगों को सिर्फ आपात मामलों में पहचानपत्र दिखाने पर ही प्रवेश मिल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को मंगलुरु में हुई हिंसा के बाद लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने घरों से निकलने से बचें। केरल से ट्रेन से आए कम से कम 50 पुरुषों और महिलाओं को बिना पहचानपत्र मंगलुरु में प्रवेश करने का प्रयास करने पर हिरासत में लिया गया है।

सरकारी वेनलॉक अस्पताल में प्रवेश का प्रयास करने वाले मीडियाकर्मियों को भी हिरासत में लिया गया है। अस्पताल में गुरुवार को हुई गोलीबारी में मारे गए लोगों का पोस्टमॉर्टम चल रहा था। मीडियाकर्मियों के कैमरे और फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।

मंगलुरु के पुलिस आयुक्त पी.एस. हर्ष ने बताया कि शहर में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई और यह 22 दिसंबर की मध्यरात्रि तक बंद रहेगी। शहर में हुई गोलीबारी को लेकर पड़ोसी राज्य केरल के उत्तरी हिस्से में शुक्रवार को हाई अलर्ट जारी किया गया है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)

Share this article
click me!