
देहरादून। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पंजाब (Punjab) के बाद अब उत्तराखंड (Uttrakhand) के दौरे पर रहेंगे। वे यहां 3 जनवरी को देहरादून (Dehradun) पहुंचेंगे और उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए आगामी नव परिवर्तन अभियान (Nav Parivartan Campaign) की शुरुआत करेंगे। इस अभियान के जरिए AAP ने तीन लाख नव परिवर्तन प्रमुख बनाने का टारगेट बनाया है।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय (Gopal Rai) ने उत्तराखंड में इस अभियान को लेकर मीटिंग की और इसके बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 11 साल भाजपा (BJP) और 10 साल कांग्रेस (Congress) ने सरकार चलाई, लेकिन 21 सालों में दोनों पार्टियों ने सिर्फ मुख्यमंत्री बदले और चेहरे बदले, लेकिन जनता की जिंदगी में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड की जनता को सरकार बनने पर चार बड़ी गारंटी दी हैं, जिसमें सबसे पहली गारंटी 300 यूनिट मुफ्त बिजली है। इस योजना के लिए अब तक 14 लाख से ज्यादा परिवार रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।
केजरीवाल की गारंटी पर लोगों को बढ़ा विश्वास
इसके अलावा, हर घर को रोजगार नहीं तो पांच हजार रुपए महीने वाले अभियान में करीब 8 लाख युवा जुड़ चुके हैं। तीर्थ यात्रा गारंटी के तहत 2 लाख से ज्यादा लोग AAP से जुड़े हैं और चौथी गारंटी 18 साल से ज्यादा उम्र की प्रत्येक महिला को हर महीने एक हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए अभी तक एक लाख से ज्यादा महिलाएं अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुकी हैं।
देहरादून में आयोजित की जाएगी रैली
ये अभियान 45 दिन तक चलेगा। इसमें गति लाने के लिए 3 जनवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देहरादून आएंगे और नव परिवर्तन रैली को संबोधित करेंगे। इसका संदेश है कि नए परिवर्तन के लिए AAP नव वर्ष में उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए काम करेगी। देहरादून के परेड मैदान में यह रैली आयोजित की जाएगी। इसमें कर्नल कोठियाल भी मौजूद रहेंगे।
यह कार्यक्रम भी होंगे
इसके अलावा 9 जनवरी से आप उत्तराखंड के अंदर नवनिर्माण अभियान जांच करेगी, जिसकी शुरुआत उत्तराखंड की 9 जगहों गंगोत्री, टिहरी, श्रीनगर, बागेश्वर, अल्मोडा, हल्द्वानी, देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर पर होगी। उन्होंने बताया कि आप के वरिष्ठ नेता इन जगहों पर पहुंचकर अभियान की शुरुआत करेंगे। सभी 70 विधानसभा में ये कार्यक्रम आयोजित होंगे।
हर विधानसभा का अपना घोषणापत्र होगा
आप ने तय किया है कि नव परिवर्तन अभियान के जरिए 11 हजार 647 बूथों पर लोगों को नव परिवर्तन प्रमुख बनाया जाएगा। 10 बूथों के लिए एक परिवर्तन प्रमुख बनाया जाएगा। करीब 3 लाख लोगों की नियुक्ति की जाएगी। इन 3 लाख लोगों की मदद से डोर टू डोर कैंपेन चलाया जाएगा। दिल्ली में भी सबसे बड़ा हथियार पार्टी का यही था। जो भी गारंटी दी गई है, उनके अलावा लोगों को अपनी नीतियां समझाई गईं। उत्तराखंड चुनाव में आप अपना घोषणा पत्र भी तैयार करेगी। हर विधानसभा का अलग चुनावी घोषणा पत्र होगा। इसमें क्षेत्रीय मुद्दे शामिल किए जाएंगे और उनको पूरा करवाया जाएगा।
इसी हफ्ते में प्रत्याशियों की पहली सूची
आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशियों को लेकर भी मंथन पूरा कर लिया है। गोपाल राय ने बताया कि प्रत्याशियों के लिए भी तैयारी पूरी हो गई है। नए साल के पहले सप्ताह में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जाएगी। इसके बाद अगली सूची जाएगी। सभी क्षेत्र से प्रत्याशियों ने दावेदारी की है।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.