
जालंधर, पंजाब. तेज रफ्तार कार ने एक बेटे को उसकी मां से सदा के लिए दूर कर दिया। चंद सेकंड के फासले पर मौत आई और उसकी मां को छीन ले गई। महिला बेटे को लेकर अपने मायके आई थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। यह संयोग था कि उसने कुछ सेकंड पहले ही अपने सालभर के बेटे को रिश्तेदार की गोद में दिया था।
वापस ससुराल जा रही थी महिला...
28 वर्षीय मोनिका होशियारपुर में रहती है। वो अपने एक साल के बेटे को लेकर बस्ती बावा खेल स्थित अपने मायके आई हुई थी। सास-ससुर भी उसके साथ आए हुए थे। सास-ससुर को सोमवार रात ही होशियापुर के लिए निकलना था। वे ईसा नगर स्थित अपने रिश्तेदार के यहां रुके हुए थे। मोनिका को उसका भाई रिश्तेदार के यहां छोड़ने आया था। इसी दौरान मोनिका के बच्चे को उसके रिश्तेदार बलबीर ने खिलाने के लिए अपनी गोद में ले लिया। तभी एक तेज रफ्तार कार आई और तीनों को टक्कर मार दी। हालांकि मोनिका का रिश्तेदार और उसका बच्चा दूर फिंक गया, जिससे उनकी जान बच गई। मोनिका कार के नीचे आकर कुचल गई। उसे फौरन हॉस्पिटल लेकर जाया गया। लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।