Punjab Assembly Election:पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला कांग्रेस में शामिल, इस सीट से लड़ सकते हैं चुनाव

पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election) से ठीक पहले महशूर सिंगर सिद्धू मूसे वाला (Punjabi singer Sidhu Musewala) की सियासत में एंट्री हो गई है। मूसेवाला ने कहा कि उनका कांग्रेस (Congress) में शामिल होने का एक कारण यह है कि वे पंजाबियों की आवाज उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा- ‘यह मेरी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है। सिर्फ तीन साल पहले ही मैंने गाना शुरू किया था। अब 4 सालों के बाद मैं नया कदम उठा रहा हूं।

Asianet News Hindi | Published : Dec 3, 2021 8:09 AM IST

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election 2022) नजदीक हैं। ऐसे में सभी पार्टियों ने जोर-आजमाइश शुरू कर दी है। पंजाब (Punjab) के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसे वाला (Sidhu Moose Wala) ने शुक्रवार को कांग्रेस (Congress) जॉइन कर ली है। वे विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति में सिद्धू मूसे वाला कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इस दौरान सीएम चन्नी ने मूसे वाला के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताई और उम्मीद की है कि वह पार्टी को आगे ले जाने में मदद करेंगे। 

सिद्धू मूसे वाला ने दावा किया है कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जिसमें आम लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा- कांग्रेस ही पंजाब में ऐसी पार्टी है जहां मेहनत करने वाला इंसान आगे बढ़ सकता है। मेरे साथ कई लोग जुड़े हुए हैं उनकी वजह से मैंने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। मूसेवाला ने कहा कि उनका कांग्रेस में शामिल होने का एक कारण यह है कि वे पंजाबियों की आवाज उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा- ‘यह मेरी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है। सिर्फ तीन साल पहले ही मैंने गाना शुरू किया था। अब 4 सालों के बाद मैं नया कदम उठा रहा हूं। मनसा उतना विकसित नहीं है, इसके हिस्से ने मुझे बड़ा किया है, मैं यहां से अपनी आवाज उठाऊंगा।’

मूसे वाला यूथ आइकॉन: सिद्धू
सीएम चन्नी ने कहा- ‘सिद्धू मूसे वाला मौजूदा समय में युवाओं के बीच काफी पॉपुलर हैं। हमें उम्मीद है कि सिद्धू मूसे वाला युवाओं के साथ मिलकर राज्य को आगे ले जाने में मदद करेंगे। उन्होंने सभी का दिल जीता है। वह किसान के बेटे हैं और उनके पिता पूर्व सैन्य अधिकारी हैं। मुझे भरोसा है कि वे कांग्रेस को गौरवान्वित करेंगे।’कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भी मूसे वाला को यूथ आइकॉन बताया है। सिद्धू ने कहा- ‘मूसे वाला हमारे परिवार में नए नहीं हैं। उनकी मां सरपंच हैं। इनका परिवार कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा है। मूसे वाला यूथ आइकॉन हैं।’ सिद्धू ने कहा- लोगों को उनकी गायकी पसंद है। वे लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय हस्ती हैं। वे अपने तरीके से गाने लिखते हैं और गाते हैं। मुझे भरोसा है कि वे राजनीति में भी वैसा ही नाम कमाएंगे, जैसा उन्होंने गाने में कमाया है।’सिद्धू ने भी मूसे वाला के चुनाव लड़ने की पुष्टि की है। हालांकि, किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, इसका औपचारिक ऐलान होना बाकी है।

इस सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं
मूसेवाला कई लोकप्रिय पंजाबी गीत गा चुके हैं। सिद्धू मूसे वाला के विधानसभा चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। सिद्धू मूसे वाला का परिवार पंजाब के मनसा जिले से आता है। ऐसे में मनसा विधानसभा सीट से सिद्धू मूसे वाला कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। 

2017 में कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं 
पंजाब में 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। पार्टी ने शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के 10 साल के शासन को खत्म किया था। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी 20 सीटें जीतकर दूसरा सबसे बड़ा दल बन कर उभरी थी। भाजपा को 3 और शिअद को केवल 15 सीटें मिलीं थीं।

Share this article
click me!