Punjab Election 2022 : AAP का सीएम फेस कौन, भगवंत मान या कोई और.. मंगलवार को अरविंद केजरीवाल करेंगे ऐलान

केजरीवाल ने एक फोन नंबर जारी किया था और पंजाब के लोगों से जवाब मांगा था कि वे बताएं कि वे आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में किसे देखना चाहते हैं। पंजाब के लोगों को सोमवार शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 7074870748 पर SMS, व्हाट्सएप या वॉयस मैसेज के जरिए अपनी पसंद देने को कहा गया है।

Asianet News Hindi | Published : Jan 17, 2022 7:44 AM IST / Updated: Jan 17 2022, 01:26 PM IST

चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) में आम आदमी पार्टी (AAP) का सीएम फेस कौन होगा, ये अब पता चल जाएगा। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ( Arvind Kejriwal) ने सोमवार को कहा कि, हम पंजाब के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने जा रहे हैं। कल 12 बजे तक हम इसकी घोषणा कर देंगे।

जनता से मांगे थे सुझाव
बता दें कि केजरीवाल ने एक फोन नंबर जारी किया था और पंजाब के लोगों से जवाब मांगा था कि वे बताएं कि वे आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में किसे देखना चाहते हैं। उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि पार्टी भगवंत मान (Bhagwant Mann) को जिम्मेदारी देने की इच्छुक हैं, लेकिन उन्होंने खुद लोगों की पसंद मांगने का सुझाव दिया। पंजाब के लोगों को सोमवार शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 7074870748 पर SMS, व्हाट्सएप या वॉयस मैसेज के जरिए अपनी पसंद देने को कहा गया है।

अब तक 15 लाख से ज्यादा प्रतिक्रिया
रविवार को आप विधायक हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पार्टी को उसके 'जनता चुनेगी अपना सीएम' अभियान पर लगभग 15 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं हैं। केजरीवाल ने पिछले हफ्ते जब अभियान शुरू किया था, तब उन्होंने खुद को इस दौड़ से बाहर कर दिया था और कहा था कि शीर्ष पद के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा लोगों की प्रतिक्रिया मिलने के बाद की जाएगी। चीमा ने कहा कि राज्य के लोगों द्वारा दिखाया गया उत्साह इस बात का प्रमाण है कि इस बार आप निश्चित रूप से पंजाब में सरकार बनाएगी और वह भी स्पष्ट बहुमत के साथ। चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग आगामी चुनावों में पारंपरिक राजनीतिक दलों का सफाया करेंगे और आप को जनादेश देंगे।

आप को इस चुनाव से उम्मीद
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे। 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 10 साल बाद शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बाहर कर दिया था। आम आदमी पार्टी 20 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, उसके बाद शिअद जिसने 15 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी को तीन सीटें मिली थीं। पिछले बार से परिणाम से आप काफी उत्साहित है और उसे उम्मीद है कि इस बार के चुनाव में जनता उसे सिरमौर बनाएगी।

इसे भी पढ़ें-Punjab Election 2022: आम आदमी पार्टी में बगावत, चुनाव से ठीक पहले आशु बांगड़ ने छोड़ा साथ, कतार में कई और नाम 

इसे भी पढ़ें-Punjab Election 2022: क्या पंजाब में विकल्प बनकर उभरेगी भाजपा, नए साथियों के साथ कर पाएगी चमत्कार, समझिए गणित

 

Read more Articles on
Share this article
click me!