
डूंगरपुर, राजस्थान. इसे पैसों का लालच भी कह सकते हैं और गरीबी के हालात भी। एक पिता ने अपनी बेटी को घर से दूर एक घर में कामकाज पर लगवा दिया। लेकिन लड़की पढ़ना चाहती थी। उसे गुलाम बनकर रहना पसंद नहीं था। लिहाजा, वो वहां से भाग निकली। गांव पहुंची..लेकिन पिता के डर से घर नहीं आई, बल्कि थाने पहुंची। वहां उसने पुलिस अंकल को बताई अपनी आपबीती। बता दें कि गरीबी के चलते पिता ने उसे 5000 रुपए महीने के लालच में गुजरात की एक फैमिली के घर पर काम पर लगा दिया। जानिए पूरी कहानी...
मामला डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र के धमलात गांव का है। यहां रहने वाली 15 साल की नाबालिग को एक जून को उसके पिता ने 5000 रुपए महीने के बांड पर गुजरात के एक व्यक्ति के घर नौकरानी बनवा दिया। लेकिन 10 दिनों बाद लड़की वहां से भागकर गांव आई। फिर रामसागड़ा पुलिस के पास पहुंचकर बोली कि उसे पढ़ना है। घरवालों को समझाए कि उसे काम पर न भेजें। पुलिस ने लड़की को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। समिति और पुलिस ने लड़की के पिता को समझाइश दी।
पढ़ना चाहती है लड़की..
लड़की ने बताया कि वो अकेले टैंपों में बैठकर अपने गांव पहुंची थी। उसने 5वीं तक पढ़ाई की है। लेकिन 2-3 साल पहले पढ़ाई छोड़नी पड़ी। लेकिन अब वो दुबारा पढ़ना चाहती है। लड़की की मां बीमार रहती है। पिता मजदूरी करता है। लड़की के 4 भाई हैं। हालांकि अब पिता ने कहा कि वो अपनी बेटी को आगे पढ़ने से नहीं रोकेगा। रामसागड़ा थाने के प्रभारी अरुण कुमार खांट ने बताया कि लड़की से काम कराने वाले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
राजस्थान की राजनीति, बजट निर्णयों, पर्यटन, शिक्षा-रोजगार और मौसम से जुड़ी सबसे जरूरी खबरें पढ़ें। जयपुर से लेकर जोधपुर और उदयपुर तक की ज़मीनी रिपोर्ट्स और ताज़ा अपडेट्स पाने के लिए Rajasthan News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — तेज़ और विश्वसनीय राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।