साल 2020 में किन राशियों पर होगी शनि की टेढ़ी नजर, जानें क्या होगा आपकी राशि पर असर और उसके उपाय

ज्योतिष शास्त्र में शनिदेव को न्याय का देवता माना गया है क्योंकि मनुष्यों को उनके अच्छे-बुरे कर्मों का दंड शनिदेव ही देते हैं।

Asianet News Hindi | Published : Dec 24, 2019 5:19 AM IST

उज्जैन. ज्योतिषाचार्य पं. प्रफुल्ल भट्‌ट के अनुसार, 24 जनवरी 2020 से शनि धनु से मकर राशि में प्रवेश करेंगे। वक्री होने के कारण 11 मई को पुन: वृश्चिक में आएंगे फिर मार्गी होकर 29 सितंबर से मकर में प्रवेश करेंगे। जानिए साल 2020 में किन राशियों पर होगी शनि की टेढ़ी नजर और शनिदेव किस प्रकार आपकी राशि को प्रभावित करेंगे-

इन राशियों पर होगी शनि की ढय्या और साढेसाती

मेष
साल की शुरूआत में शनिदेव आपकी राशि से नौवें स्थान पर रहेंगे और 24 जनवरी के बाद दसवें स्थान पर आ जाएंगे। शनि की यह स्थिति आपसे संघर्ष करवाएगी। ज्यादा मेहनत के बाद भी फल कम ही मिलेगा। अधिकारी आपके काम से संतुष्ट रहेंगे। शनि की कृपा से इस साल आपका प्रमोशन हो सकता है। किसी नए काम की योजना बन सकती है। शत्रु सक्रिय रहेंगे, लेकिन आपका कुछ अहित नहीं कर पाएंगे। इस साल आप पैसा तो कमाएंगे, लेकिन पैसा टिकेगा नहीं। कुल मिलाकर आपकी राशि पर इस साल शनि का मिला-जुला असर दिखाई देगा यानी न अधिक कष्ट होगा न ज्यादा फायदा।
उपाय- सवा 5 रत्ती का नीलम पंचधातु की अंगूठी में पहनें।

वृषभ
साल की शुरूआत में शनि आपकी राशि से आठवें स्थान पर रहेगा और 24 जनवरी के बाद नौवें स्थान का फल देगा। आठवें शनि के कारण साल की शुरूआत में आपको पाचन और रक्त से संबंधित बीमारियां हो सकती हैं। इस साल किसी न किसी कारण अधिकारी आपसे खुश नहीं रहेंगे। परिवार में तनावपूर्ण माहौल रहेगा। इस साल आपको खर्च में कुछ कटौती करनी पड़ सकती है। 11 मई से 29 सितंबर के बीच शनि के वक्रत्व काल में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सेहत और पैसों से जुड़े मामलों में इस साल आपको सावधान रहने की जरूरत है।
उपाय- काले घोड़े की नाल की अंगूठी बनवाकर मध्यमा अंगुली में पहनें।

मिथुन
इस साल आपकी राशि पर शनि की ढय्या का प्रभाव रहेगा, जिसके चलते आपकी सेहत में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 11 मई से 29 सितंबर के बीच अस्पताल में अधिक खर्च होगा। वाहन दुर्घटना के योग भी इस साल बन रहे हैं। पेट, रक्त, शुगर जैसे रोग साल भर परेशान करेंगे। परिवार में विरोधाभास की स्थित रहेगी। बिजनेस को लेकर बनाई गई योजनाओं खटाई में पड़ सकती हैं। आप किसी साजिश का शिकार भी इस साल हो सकते हैं। पैसा आएगा, लेकिन टिकेगा नहीं। बिजनेस पार्टनर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। नौकरीपेशा के लिए भी ये समय थोड़ा मुश्किलों भरा रहेगा।
उपाय- प्रत्येक शनिवार को तेल से बनी खाद्य सामग्री जरुरतमंदों को दान करें।

कर्क
24 जनवरी से शनि आपकी राशि से सातवें स्थान पर आ जाएंगे। शनि की यह स्थिति आपके लिए मिश्रित फलकारी रहेगी। आपकी मेहनत का उचित फल आपको मिलेगा। हेल्थ भी इस साल आपकी ठीक ही रहेगी। परिवार में कभी-कभार तनावपूर्ण स्थिति बन सकती है। राजनीति से जुड़े लोगों को कोई पद मिल सकता है। नया निवेश या बिजनेस फायदेमंद रहेगा। नौकरी में अधिकारी आपके काम से खुश रहेंगे। शनि के सातवें स्थान पर होने से पत्नी के स्वास्थ्य में थोड़ी गिरावट आ सकती है। किसी अजनबी पर भरोसा करना नुकसान का कारण बन सकता है। कोर्ट-कचहरी के मामले उलझे रहेंगे।
उपाय- शनिवार का व्रत रखें और शनिदेव को तेल चढ़ाएं।

सिंह
इस साल शनि आपकी राशि से छठे स्थान पर रहेगा। इस साल आपको बिजनेस में लाभ की संभावनाएं बन रही हैं। घर के लिए कोई महंगी वस्तु भी खरीद सकते हैं। नौकर-चाकर, वाहन व भौतिक सुख-सुविधाओं पर खर्च होगा। दोस्तों का सहयोग मिलेगा। कोर्ट केस में सफलता मिल सकती है। 11 मई से 29 सितंबर के बीच सेहत में गिरावट हो सकती है। नौकरी में प्रमोशन और मनचाही जगह तबादले के योग बन रहे हैं। भाइयों से चला आ रहा विवाद खत्म हो सकता है। किसी को पैसा उधार देने से बचें। शनि के वक्रत्व काल में वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं।
उपाय- पक्षियों को अनाज और चींटियों को शक्कर मिश्रित आटा खिलाएं।

कन्या
24 जनवरी के बाद शनि आपकी राशि से पांचवें स्थान पर रहेंगे। ये स्थिति आपके लिए शुभ रहेगी। विद्यार्थियों को इस साल मनचाही सफलता मिल सकती है। लंबे समय से चली आ रही कोई समस्या समाप्त हो सकती है। बिजनेस में सफलता और नौकरी में पदोन्नति के योग इस साल बन रहे हैं। अटका हुआ पैसा भी इस साल आपको मिल सकता है। जनसंपर्क का फायदा मिलेगा। धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की ओर रुझान बढ़ेगा। हालांकि कई मामलों में आपको काम का यश नहीं मिल पाएगा। इस साल शत्रुओं से थोड़ा सावधान रहें। पैसों से जुड़े मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें।
उपाय- घर के मंदिर में शनियंत्र की स्थापना करें और रोज उसकी पूजा करें।

तुला
साल 2020 में तुला राशि पर शनि की ढय्या का प्रभाव रहेगा। 24 जनवरी के बाद शनि आपकी राशि से चौथे पर रहेगा। इस वजह से काम-काज में ढिलाई का वातावरण रहेगा। इस साल आप वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, दुर्घटना के योग बन रहे हैं। नौकरी में इस साल आपको बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। प्रमोशन के योग तो बनेंगे, लेकिन विरोधियों के कारण बनता काम अटक सकता है। रिश्तेदारों और मित्रों से निराशा मिलेगी। कोर्ट-कचहरी के मामले उलझ सकते हैं। शनि के वक्रत्व काल में पैसा कहीं अटक सकता है। धन हानि के योग इस समय बन रहे हैं। हेल्थ को लेकर भी सावधान रहने का समय है।
उपाय- प्रत्येक शनिवार को ऊँ प्रां प्रीं स: श्नैश्चराय नम: मंत्र जाप करें।

वृश्चिक
इस साल शनिदेव आपकी राशि से तीसरे स्थान पर रहेंगी। शनि की यह स्थिति आपके लिए फायदेमंद है। इस साल आपका प्रमोशन हो सकता है। ऑफिस में भी बॉस आपसे प्रभावित होंगे। बिजनेस में भी गति आएगी और अटका हुआ पैसा भी मिलेगा। संपत्ति से जुड़े विवाद इस साल समाप्त हो सकते हैं। 11 मई से 29 सितंबर के बीच स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां आ सकती हैं। परिवार में आपसी सामंजस्य बना रहेगा। भूमि, मकान या वाहन खरीदी पर खर्च होगा। नए लोगों से संपर्क बनेगा, जो आगे जाकर आपको फायदा पहुंचाएगा। बुजुर्गों के कारण अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।
उपाय- जरूरतमंदों को जूते-चप्पल का दान करें।

धनु
साल 2020 में शनि आपकी राशि से दूसरे स्थान पर रहेंगे। इस समय शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव आपके ऊपर रहेगा। दूसरे स्थान पर शनि यात्राएं अधिक करवाएगा। धन स्थान पर होने से आर्थिक स्थिति इस साल डांवाडोल रहेगी। पैसा आएगा, लेकिन टिकेगा नहीं। शत्रु पक्ष मजबूत रहेगा, जिसके कारण आपको बिजनेस में भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। हेल्थ में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी। संतान के कारण भी चिंता का माहौल रहेगा। प्रेम प्रसंगों से बचकर रहें, नहीं तो बदनामी हो सकती है। भूमि से जुड़ा कोई विवाद उलझ कर रह जाएगा। नई योजना बनाएंगे, लेकिन वह पूरी नहीं हो पाएगी।
उपाय- प्रत्येक शनिवार कुष्ठ रोगियों को तेल से बना भोजन दान करें।

मकर
इस साल मकर राशि वालों पर शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव रहेगा। इस राशि का स्वामी भी शनि है, इसलिए मकर राशि वालों को थोड़ी कम परेशानियों को सामना करना पड़ेगा। इस साल आपको सेहत से जुड़े मामलों में विशेष सावधानी रखने की जरूरत है। नौकरी में इच्छा के विरूद्ध तबादला या डिमोशन हो सकता है। बिजनेस में लगातार हानि हो सकती है और बड़ी डील कैंसिल हो सकती है। कोई घनिष्ठ व्यक्ति धोखा दे सकता है। कितनी भी मेहनत करें, लेकिन सफलता का श्रेय आपको नहीं मिलेगा। वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं, दुर्घटना का योग बन रहा है। शनि के वक्रत्व काल 11 मई से 29 सितंबर के बीच कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
उपाय- कटोरी में तेल लेकर उसमें अपना चेहरा देखें और दान कर दें।

कुंभ
इस राशि पर भी साल 2020 में शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव रहेगा। शनि के बारहवें भाव में मानसिक तनाव की स्थिति बनेगी। खर्च भी अधिक होगा। किसी भी पैसा उधार भी लेना पड़ सकता है। बिजनेस बढ़ाने की योजना खटाई में पड़ सकती है। संपत्ति से जुड़े विवाद और भी उलझ सकते हैं। पैसे कहीं उलझ सकते हैं। सेहत में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। खूब मेहनत के बाद भी सफलता नहीं मिल पाएगी। किसी कारण आपकी बदनामी भी हो सकती है। भूमि, भवन आदि खरीदने से पहले अच्छी तरह से जांच-परख लें। इस साल आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहेगी। पैसा संभालकर खर्च करें।
उपाय- जरूरतमंदों को काला कंबल या काले जूतों का दान करें।

मीन
24 जनवरी से शनि आपकी राशि से ग्यारहवें स्थान पर रहेंगे। शनि की यह स्थिति आपको फायदा पहुंचाएगी। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले सुलझ सकते हैं। वाहन खरीदने का योग इस साल बन रहा है। नौकरी में बॉस आपके काम से खुश रहेंगे। इस साल आपका इंक्रीमेंट और प्रमोशन दोनों हो सकता है। बिजनेस में साझेदार पर नजर रखें, नहीं तो धोखा हो सकता है। सामाजिक स्तर पर आपका प्रभाव बढ़ेगा। लंबे समय से अटके सरकारी काम पूरे हो सकते हैं। परिवार के बड़े बुजुर्गों का स्नेह मिलेगा। इस साल आपको बिजनेस से जुड़े यात्राएं अधिक करनी पड़ेंगी। यह साल आपके लिए किस्मत के दरवाजे खोल सकता है।
उपाय- प्रत्येक शनिवार शनिदेव की मूर्ति पर सरसों का तेल चढ़ाएं।

Share this article
click me!