Eid 2026 Date: भारत में कब मनाई जाएगी ईद 20 या 21 मार्च, जानिए चांद रात कब है?

Published : Mar 11, 2026, 02:22 PM ISTUpdated : Mar 13, 2026, 11:52 AM IST

Eid Kab Hai 2026: भारत में ईद 2026 कब मनाई जाएगी? जानिए 20 या 21 मार्च में किस दिन पड़ेगी ईद, चांद रात कब होगी और शव्वाल का चांद कब दिखाई दे सकता है। यहां समझिए ईद की तारीख तय होने का पूरा गणित, चांद देखने की प्रक्रिया और इस त्योहार का खास महत्व।

PREV
16
ईद 2026 कब है 20 या 21 मार्च?

रमजान का पाक महीना अपने आखिरी दौर में है और इसके साथ ही भारत समेत दुनिया भर के मुसलमान ईद-उल-फितर की तैयारियों में जुट गए हैं। लेकिन हर साल की तरह इस बार भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि ईद आखिर किस दिन मनाई जाएगी? दरअसल ईद की तारीख पहले से तय नहीं होती, बल्कि यह पूरी तरह चांद दिखने पर निर्भर करती है। 2026 में भारत में ईद 20 मार्च या 21 मार्च को मनाई जा सकती है। अब सबकी निगाहें 19 मार्च की शाम को दिखाई देने वाले शव्वाल के चांद पर टिकी हुई हैं।

26
2026 में भारत में ईद कब होगी?

इस साल रमजान का 29वां रोजा 19 मार्च को पड़ रहा है। इस दिन सूर्यास्त के बाद लोग शव्वाल के चांद को देखने की कोशिश करेंगे। अगर 19 मार्च की शाम चांद दिख जाता है, तो 20 मार्च 2026, शुक्रवार को ईद मनाई जाएगी। अगर उस दिन चांद नजर नहीं आता, तो रमजान 30 दिन पूरे करेगा और 21 मार्च 2026, शनिवार को ईद मनाई जाएगी। खगोलीय गणनाओं के अनुसार इस बार 19 मार्च की शाम चांद दिखने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है, इसलिए 20 मार्च को ईद होने की उम्मीद अधिक है।

36
आखिर ईद की तारीख हर साल बदलती क्यों है?

ईद-उल-फितर इस्लामिक कैलेंडर के दसवें महीने शव्वाल की पहली तारीख को मनाई जाती है। इस्लामिक कैलेंडर चंद्रमा की गति पर आधारित होता है। इसलिए हर महीना 29 या 30 दिन का होता है। नया महीना चांद दिखने के बाद ही शुरू होता है। इसी वजह से ईद की तारीख हर साल लगभग 10-11 दिन पहले खिसक जाती है।

46
भारत में चांद देखने का ऐलान कैसे होता है?

भारत में ईद की आधिकारिक घोषणा स्थानीय चांद देखने वाली कमेटियां और धार्मिक संस्थाएं करती हैं। देश के कई बड़े शहरों में लोग चांद देखने के लिए इकट्ठा होते हैं, जैसे- दिल्ली, लखनऊ, हैदराबाद, मुंबई। सूर्यास्त के बाद चांद दिखने की पुष्टि होने पर ही अगले दिन ईद का ऐलान किया जाता है।

56
क्या होती है ‘चांद रात’ और क्यों होती है खास?

रमजान के आखिरी दिन जब शव्वाल का चांद दिखाई देता है, उसी शाम को चांद रात कहा जाता है। यह रात मुसलमानों के लिए बेहद खास होती है क्योंकि लोग देर रात तक ईद की खरीदारी करते हैं। महिलाएं मेहंदी लगाती हैं। घरों में सेवइयां और मिठाइयों की तैयारी होती है। बच्चे नए कपड़ों और ईदी को लेकर उत्साहित रहते हैं। बाजारों में देर रात तक रौनक रहती है और हर जगह ईद की खुशी का माहौल दिखाई देता है।

66
ईद-उल-फितर का मतलब क्या है?

ईद-उल-फितर रमजान के एक महीने के रोजों के बाद मनाया जाने वाला त्योहार है। “ईद” का मतलब खुशी और “फितर” का अर्थ रोजा खोलना या फितरा (दान) से जुड़ा है। यह दिन अल्लाह का शुक्र अदा करने, जरूरतमंदों की मदद करने और भाईचारे व खुशियों को बांटने का संदेश देता है।

धार्मिक परंपराओं, मंदिरों, त्योहारों, यात्रा स्थलों और आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़ी खबरें पढ़ें। पूजा पद्धति, पौराणिक कथाएं और व्रत-त्योहार अपडेट्स के लिए Religion News in Hindi सेक्शन देखें — आस्था और संस्कृति पर सटीक और प्रेरक जानकारी।

AT
About the Author

Anita Tanvi

अनीता तन्वी। मीडिया जगत में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। मौजूदा समय में ये एशियानेट न्यूज हिंदी के साथ जुड़कर एजुकेशन सेगमेंट संभाल रही हैं। इन्होंने जुलाई 2010 में मीडिया इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर से की। पहले 6 सालों में, प्रभात खबर, न्यूज विंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थानों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ह्यूमन एंगल और फीचर रिपोर्टिंग पर काम किया। इसके बाद, डिजिटल मीडिया की दिशा में कदम बढ़ाया। इन्हें प्रभात खबर.कॉम में एजुकेशन-जॉब/करियर सेक्शन के साथ-साथ, लाइफस्टाइल, हेल्थ और रीलिजन सेक्शन को भी लीड करने का अनुभव है। इसके अलावा, फोकस और हमारा टीवी चैनलों में इंटरव्यू और न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया है।Read More...
Read more Photos on

Recommended Stories