Kartik Purnima Vrat Katha: महादेव को क्यों कहते हैं त्रिपुरारी? जानिए कार्तिक पूर्णिमा की कथा

Published : Nov 24, 2026, 06:00 AM IST
Kartik Purnima Vrat Katha

सार

Kartik Purnima Katha: हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को बहुत खास तिथि माना जाता है। इस दिन भगवान शिव की पूजा करने के साथ व्रत और दीपदान करने की परंपरा है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने तीन भयानक असुरों का अंत किया था।

Kartik Purnima Vrat Katha in Hindi: कार्तिक पूर्णिमा से जुड़ी अनेक कथाएं धर्म ग्रंथों में बताई गई हैं, त्रिपुरों के अंत की कथा इन सभी में प्रमुख है। इसी विजय के बाद महादेव का नाम त्रिपुरारी पड़ा। इस दिन देव दिवाली का पर्व भी मनाया जाता है। इस बार देव दिवाली 24 नवंबर, मंगलवार को है। कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करने का भी विशेष महत्व है। जो लोग इस दिन व्रत रखते हैं, उन्हें इससे जुड़ी पौराणिक कथा जरूर सुननी चाहिए। आइए जानते हैं महादेव के त्रिपुरारी बनने की पूरी कहानी।

ये भी पढ़ें-
November 2026 Purnima Date: कब है कार्तिक मास की पूर्णिमा, कैसे करें दीपदान? जानें विधि, मंत्र और मुहूर्त

कार्तिक पूर्णिमा व्रत कथा हिंदी में

प्रचलित कथा के अनुसार, पुराने समय में तारकासुर नाम का एक शक्तिशाली असुर था। उसके तीन पुत्र थे, जिनके नाम तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली थे। वे भी अपने पिता की तरह बहुत बलशाली थे। जब भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय ने तारकासुर का वध किया तो उसके तीनों पुत्रों ने देवताओं से अपने पिता की मृत्यु का बदला लेने का निश्चय किया।

ये भी पढ़ें-
Vivah Muhurat: साल 2026-27 में विवाह के 100 से ज्यादा शुभ मुहूर्त, नोट करें महीनेवार लिस्ट

इसके लिए तीनों ने कठोर तपस्या करके ब्रह्माजी को प्रसन्न कर लिया। जब ब्रह्माजी उनके सामने प्रकट हुए तो उन्होंने अमर होने का वरदान मांगा। ब्रह्माजी ने यह वरदान देने से इनकार कर दिया। इसके बाद असुरों ने एक दूसरी शर्त रखी। उन्होंने कहा कि उनके लिए तीन ऐसे नगर बनवाए जाएं, जो आकाश में घूमते रहें। ये तीनों नगर एक हजार साल बाद एक सीध में आएं और जो देवता एक ही बाण से तीनों नगरों को नष्ट कर देगा, उसी के हाथों उनकी मृत्यु हो।
ब्रह्माजी ने उनकी यह बात मान ली। उनके आदेश पर मयदानव ने तीन नगर बनाए। इनमें एक सोने का, दूसरा चांदी का और तीसरा लोहे का था। इन नगरों में रहने वाले तीनों असुर अपनी ताकत के घमंड में देवताओं को परेशान करने लगे।
असुरों के अत्याचार से परेशान होकर सभी देवता भगवान शिव के पास पहुंचे और उनसे मदद मांगी। देवताओं की प्रार्थना सुनकर महादेव ने तीनों नगरों का अंत करने का फैसला किया। इसके लिए विश्वकर्मा ने एक दिव्य रथ तैयार किया। सूर्य और चंद्रमा उसके पहिए बने, जबकि इंद्र, वरुण सहित अन्य देवता घोड़े बने। हिमालय ने धनुष और शेषनाग ने उसकी डोर का रूप लिया। भगवान विष्णु बाण बने और अग्निदेव उस बाण की नोक बने।
इसके बाद भगवान शिव दिव्य रथ पर सवार होकर युद्ध के लिए निकले। काफी समय तक देवताओं और असुरों के बीच भयंकर युद्ध हुआ। आखिरकार जब तीनों नगर एक सीध में आए, तब महादेव ने एक ही बाण से उन तीनों का नाश कर दिया। इस तरह तीनों असुरों का अंत हो गया और देवताओं को उनके अत्याचारों से मुक्ति मिली।
तीनों पुरों यानी नगरों का विनाश करने के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा जाने लगा। इसी घटना की याद में कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है।



Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।

PREV

धार्मिक परंपराओं, मंदिरों, त्योहारों, यात्रा स्थलों और आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़ी खबरें पढ़ें। पूजा पद्धति, पौराणिक कथाएं और व्रत-त्योहार अपडेट्स के लिए Religion News in Hindi सेक्शन देखें — आस्था और संस्कृति पर सटीक और प्रेरक जानकारी।

Read more Articles on

Recommended Stories

Happy Kartik Purnima 2026 Wishes in Hindi: दीपों का उजाला हो... कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं यहां से भेजें
Guru Nanak Jayanti 2026: नाम जपो, किरत करो और वंड छको, क्या है गुरु नानकदेव की 3 बातों का अर्थ?