
मुंबई। कन्नड़ फिल्मों के एक्टर सुरेंद्र बंटवाल (Surendra Bantwal) की हत्या हो गई है। बुधवार को उनका शव बंटवाल, कर्नाटक स्थित उनके घर में सोफे पर पड़ा मिला। उनके शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, बंटवाल पर हमला अज्ञात हमलावरों ने किया है। हालांकि, इसके पीछे की वजह का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस वजह से हुआ दोस्तों को शक :
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब बंटवाल के दोस्तों ने उन्हें कई बार फोन किया लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला तो वे उनके घर पहुंच गए। वहां उन्हें बंटवाल का शव सोफे पर पड़ा मिला। पुलिस ने एक अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कहा- हम ये पता करने की कोशिश कर रहे हैं हैं कि मौत से एक रात पहले आखिर उनके साथ कौन था।
बंटवाल के खिलाफ दर्ज थे कई मामले :
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बंटवाल के खिलाफ 15 क्रिमिनल केस दर्ज हैं। करीब ढाई साल पहले उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो तलवार लहराते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकाते नजर आए थे। इसमें दो भाजपा कार्यकर्ता घायल भी हुए थे। इस मामले में बंटवाल की गिरफ्तारी भी हुई थी। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। कहा जा रहा है कि वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे।