
India A Semi Final Defeat: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में श्रीलंका A के हाथों मिली हार के बाद इंडिया A का सफर खत्म हो गया है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे, लेकिन श्रीलंका A ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबले के बाद इंडिया A के कप्तान तिलक वर्मा ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर बात की और बताया कि आखिर कहां भारतीय टीम से चूक हुई।
मैच के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि भारतीय टीम को लगा था कि 320 से 330 रन का स्कोर इस पिच पर अच्छा रहेगा। उन्होंने बताया कि शुरुआती 20 ओवर में बल्लेबाजी करना आसान था और गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आ रही थी। हालांकि, इसके बाद पिच थोड़ी धीमी हो गई। कुछ गेंदें रुककर आ रही थीं और नीचे भी रह रही थीं। तिलक के मुताबिक, भारतीय टीम ने लगातार तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तनुष और शाहबाज ने अच्छी बल्लेबाजी की और टीम को 317 रन तक पहुंचाया। कप्तान ने उनके योगदान को सकारात्मक बताया।
और पढे़ं- IND vs SL : कौन हैं शाहबाज अहमद जिनकी बल्लेबाजी से लंकाई खेमे में मची दहशत
तिलक वर्मा ने गेंदबाजी में किए गए बदलावों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी गेंदबाजों को आजमाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों को पिच से वैसी मदद नहीं मिली, जिसकी उम्मीद थी। उन्होंने श्रीलंका A के बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों सलामी बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया। तिलक ने माना कि यह भारतीय टीम का खराब दिन था, लेकिन इसका श्रेय श्रीलंकाई बल्लेबाजों को भी जाता है।
हार के बावजूद तिलक वर्मा ने टीम के लिए कुछ अच्छी बातें भी बताईं। उन्होंने कहा कि कई युवा खिलाड़ी पहली बार इस स्तर पर खेल रहे थे। खासतौर पर तनुष और शाहबाज का प्रदर्शन टीम के लिए सकारात्मक रहा। इस हार के साथ इंडिया A का एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का सफर खत्म हो गया, जबकि श्रीलंका A ने फाइनल में जगह बना ली। अब फाइनल मैच 29 नवंबर को खेला जाएगा।