IND vs NZ 2nd Test के पहले दिन क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में क्रिकेट फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत और न्यूजीलैंड के समर्थकों से बात की और जाना कि उन्हें किस टीम की जीत की उम्मीद है।

IND vs NZ 2nd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में टेस्ट मुकाबले को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैच के पहले दिन मैदान के बाहर भी क्रिकेट का रोमांच छाया रहा। भारतीय और न्यूजीलैंड के समर्थक अपनी-अपनी टीम को चीयर करने पहुंचे। इस दौरान एक भारतीय फैन का जोशीला अंदाज खास चर्चा में रहा। राजस्थान से आए रवि उपाध्याय ने टीम इंडिया का समर्थन करते हुए कहा, “जायसवाल भाई... लेट्स गो! टीम इंडिया लेट्स गो!”

पहली बार इंटरनेशनल मैच देखने पहुंचे रवि

राजस्थान के श्रीगंगानगर से ताल्लुक रखने वाले रवि उपाध्याय पहली बार कोई इंटरनेशनल क्रिकेट मैच देखने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मदद से उन्हें यह मैच देखने का मौका मिला। रवि ने कहा कि वह खुद को टीम इंडिया का 12वां खिलाड़ी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पूरे जोश के साथ भारतीय टीम का समर्थन किया और कहा कि आज का दिन भारत का होगा।

बुमराह, गिल और राहुल के फैन हैं दर्शक

मैच देखने पहुंचे एक फैन ने जसप्रीत बुमराह को दुनिया का बेहतरीन गेंदबाज बताया। इसके साथ ही उन्होंने शुभमन गिल और केएल राहुल को भी अपने पसंदीदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल किया। वहीं, मेलबर्न से आए एक क्रिकेट प्रेमी ने बताया कि वह खास तौर पर भारत को खेलते देखने न्यूजीलैंड पहुंचे हैं।

और पढे़ं- IND vs NZ Pitch Report: क्राइस्टचर्च में गेंदबाज मचाएंगे कहर या बल्लेबाजों की होगी चांदी? जानें पिच का मिजाज

कीवी फैंस को भी अपनी टीम से उम्मीद

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के समर्थक भी अपनी टीम की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। कुछ फैंस का मानना था कि हेगले ओवल की परिस्थितियों को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम को पहले गेंदबाजी करनी चाहिए। एक कीवी फैन ने तो भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की बड़ी जीत की भविष्यवाणी भी कर दी।

पिच और मौसम पर भी रही नजर

फैंस के बीच पिच और मौसम को लेकर भी चर्चा रही। कुछ दर्शकों का मानना था कि शुरुआती सेशन में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। वहीं, बारिश के बाद पिच और आउटफील्ड का मिजाज कैसा रहेगा, इसे लेकर भी उत्सुकता थी। कुल मिलाकर, क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के फैंस का उत्साह देखने लायक रहा। भारतीय समर्थकों के जोश और कीवी फैंस के भरोसे ने मुकाबले का रोमांच और बढ़ा दिया।