
Gujarat Titans Team Bus Fire: आईपीएल फाइनल (IPL 2026 Final) के ठीक बाद रविवार की रात गुजरात टाइटंस की टीम के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ फाइनल मैच खेलने के बाद जब पूरी टीम बस से वापस अपने होटल लौट रही थी, तभी अचानक उनकी चलती बस में आग लग गई। इस खबर ने फैंस की चिंता बढ़ा दी। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद में फाइनल मुकाबले के बाद होटल लौट रही तभी यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को कोई चोट नहीं आई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल लौटते समय गुजरात टाइटंस की टीम बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से बस के अंदर धुआं फैलने लगा, जिसके बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला गया। सभी को सेफ जगह पहुंचाया गया। बाद में दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की गई, जिससे टीम को होटल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार शुभमन गिल समेत गुजरात टाइटंस के सभी खिलाड़ी पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने या किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या की कोई सूचना सामने नहीं आई है। फैंस को घबराने की जरूरत नहीं है। पूरी टीम सुरक्षित है और सभी सदस्य होटल पहुंच गए।
यह हादसा गुजरात टाइटंस के लिए एक बेहद निराशाजनक शाम के ठीक बाद हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों 5 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। फाइनल से पहले गुजरात टाइटंस का शेड्यूल भी काफी बिजी रहा था। 27 मई को टीम धर्मशाला से मुल्लानपुर पहुंची। 29 मई को मुल्लानपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 मैच खेला और 30 मई को मुल्लानपुर में खराब मौसम के कारण उनकी फ्लाइट लेट हुई और टीम शनिवार शाम को जैसे-तैसे अहमदाबाद पहुंच पाई थी। हालांकि टीम प्रबंधन ने हार के लिए थकान को जिम्मेदार मानने से इनकार किया है।
गुजरात टाइटंस के क्रिकेट डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने मैच के बाद कहा कि हार का कारण थकान को नहीं माना जा सकता। उनका कहना था कि टीम ने पूरा प्रयास किया और विपक्षी टीम ने बेहतर क्रिकेट खेला। उन्होंने यह भी माना कि टीम का स्कोर अपेक्षा से कम था, लेकिन खिलाड़ियों ने मुकाबले में वापसी की पूरी कोशिश की।