
IND vs ENG Semi Final Alert: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला अब कुछ ही घंटों दूर है। भारत और इंग्लैंड आज गुरुवार को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में आमने-सामने होंगे। सुपर 8 में वेस्टइंडीज पर जीत के बाद भारत का कॉन्फिडेंस हाई है, जबकि इंग्लैंड शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद लय पकड़ चुका है। कागज पर यह मुकाबला बैटिंग फेस्ट जैसा दिखता है, लेकिन टीम इंडिया के कैंप में एक ऐसी चिंता है जो पूरे गेम का रुख बदल सकती है।
वानखेड़े की पिच पर हल्की हरी परत जानबूझकर बरकरार रखी गई है, ताकि नमी बनी रहे। चूंकि यह रेड-सॉयल ट्रैक है, इसलिए घास सतह को जल्दी सूखने से बचाती है। मैच की शुरुआत में यही नमी तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त बाउंस और सीम मूवमेंट दे सकती है। पावरप्ले के शुरुआती ओवरों में ओपनर्स के लिए गेंद खेलना आसान नहीं होगा। हालांकि, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, सतह थोड़ा सेट हो सकती है। मिडिल ओवरों में स्पिनरों को पकड़ और टर्न मिलने की संभावना रहेगी, खासकर तब जब घास घिसे या पिच थोड़ी खुरदरी हो जाए। कुल मिलाकर यह अब भी बैटिंग फ्रेंडली विकेट माना जाता है और 200 से ज्यादा का स्कोर बनना असंभव नहीं, लेकिन असली ट्विस्ट रात की ओस में छिपा है।
भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल (Morne Morkel) ने साफ कहा कि ओस हमेशा बड़ी चिंता रहती है। उनके मुताबिक टॉस यहां बेहद अहम हो सकता है, क्योंकि दूसरी पारी में गेंद गीली होने से गेंदबाजों की पकड़ और कंट्रोल दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने यह भी माना कि वानखेड़े में अतिरिक्त बाउंस है, जिससे बल्लेबाज लाइन के साथ शॉट खेल सकते हैं, लेकिन छोटे ग्राउंड और तेज आउटफील्ड के कारण मार्जिन बहुत कम हो जाता है। मॉर्केल का इशारा साफ है कि यहां डिफेंसिव अप्रोच काम नहीं आएगा। गेंदबाजों को लगातार अटैकिंग लाइन रखनी होगी, क्योंकि बल्लेबाज की ताकत ही उसकी कमजोरी बन सकती है। एक ओवर का दबाव भी मैच पलट सकता है।
वानखेड़े में 200 का स्कोर भी पूरी तरह सेफ नहीं माना जा सकता। अगर ओस भारी पड़ी तो दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सकती है। ऐसे में कप्तानों के सामने बड़ा सवाल होगा कि पहले बैटिंग करें या चेज? टॉस जीतना यहां आधी जंग जीतने जैसा साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- IND vs ENG Semi Final: इन 2 इंग्लिश खिलाड़ियों को नहीं रोका तो टूट सकता है फाइनल का सपना
इसे भी पढ़ें- भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में बड़ा ट्विस्ट, बिना खेले भी OUT हो सकती है टीम इंडिया?