Syed Mushtaq Ali Trophy 2026 : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 शुरू हो चुकी है। एक तरफ वैभव सूर्यवंशी की बिहार टीम है। दूसरी तरफ डिफेंडिंग चैंपियन ईशान किशन यानि झारखंड की टीम है जो अपना खिताब बचाने के इरादे से मैदान में है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का 19वां सीजन 14 नवंबर से शुरू हो चुका है। इस टूर्नामेंट में बिहार की टीम की सबसे बड़ी चर्चा वैभव सूर्यवंशी हैं। वैभव को बिहार का कप्तान बनाया गया। पहले मैच में टीम उन्हीं की कप्तानी में उतरी। टीम को हार मिली, वैभव का भी बल्ला नहीं चला। इसके बाद ना तो दूसरा मैच खेले और न ही उन्हें कप्तान बनाया गया। अब टीम की कप्तानी सूरज कश्यप के हाथ में है। दूसरी तरफ पिछली बार की चैंपियन झारखंड की टीम इस बार ईशान किशन के बिना खेल रही है और उसकी कप्तानी अनुकूल रॉय को सौंपी गई है। ऐसे में सवाल है वैभव और ईशान में से किसकी टीम किस पर भारी पड़ेगी और कौन इस सीजन में बाजी मारेगा।

झारखंड टीम सबसे ज्यादा दमदार क्यों?

बता दें कि झारखंड की टीम पिछले सीजन की चैंपियन है। उसने फाइनल में हरियाणा को हराकर पहली बार खिताब जीता था। इस बार टीम की कमान अनुकूल रॉय के हाथों में है। टीम में रॉबिन मिंज, विराट सिंह, उत्कर्ष सिंह और सुषांत मिश्रा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। खास तौर पर सुषांत मिश्रा पर नजर रहेगी, जिन्होंने पिछले सीजन में 11 मैचों में 22 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में जगह बनाई थी।

ईशान किशन क्यों नहीं हैं झारखंड की टीम में?

पिछले सीजन में झारखंड को चैंपियन बनाने में ईशान किशन की अहम भूमिका रही थी। लेकिन 2026 के लिए घोषित झारखंड की टीम में उनका नाम नहीं है। उनकी जगह अनुकूल रॉय को कप्तानी दी गई है। ऐसे में टीम को इस बार नए नेतृत्व में खिताब बचाने की चुनौती का सामना करना होगा।

वैभव या झारखंड, किसका पलड़ा भारी?

अगर वैभव सूर्यवंशी अपनी टीम में आगे खेले तो वह अपनी विस्फोटक शैली से किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को परेशानी में डाल सकते हैं। वह कई मैच अपनी दम पर जीत सकते हैं। वहीं झारखंड के पास अनुभवी घरेलू खिलाड़ियों और मजबूत गेंदबाजी का संतुलन है। पिछले सीजन का चैंपियन होने के कारण टीम का आत्मविश्वास भी मजबूत रहेगा।

बिहार और झारखंड इस बार अलग-अलग ग्रुप में

हालांकि, एक जरूरी बात यह है कि बिहार और झारखंड इस बार अलग-अलग एलीट ग्रुप में हैं। बिहार ग्रुप बी में और झारखंड ग्रुप ए में है। इसलिए ग्रुप स्टेज में दोनों का सीधा मुकाबला तय नहीं है। कुल मिलाकर वैभव व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से आकर्षण का केंद्र हैं, जबकि झारखंड टीम के तौर पर खिताब की दावेदार है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 38 टीमें

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में कुल 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 32 टीमें एलीट कैटेगरी और 6 टीमें प्लेट ग्रुप में रखी गई हैं। एलीट की टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है।