
India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में आखिरकार टॉस हो गया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। बारिश की आशंका और मैदान पर नमी को देखते हुए भारत ने यह फैसला लिया। अब यह मुकाबला 50 के बजाय 47-47 ओवर का खेला जाएगा। मैच से पहले मैदान पर लगातार बारिश के कारण खेल शुरू होने में देरी हुई। निरीक्षण के बाद अच्छी खबर आई। इसके बाद खिलाड़ियों ने वार्म-अप शुरू किया और टॉस हुआ।
पिच रिपोर्ट में साइमन डूल ने बताया कि सतह पर घास की अच्छी परत है और काफी नमी भी मौजूद है। शुभमन गिल को पिच छूने के बाद अपने हाथों से नमी साफ करते हुए भी देखा गया। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए शुरुआती ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पिच पर बहुत ज्यादा उछाल या रफ्तार नहीं होगी। कुछ गेंदें रुककर भी आ सकती हैं, जिससे बल्लेबाजों के शॉट खेलने में परेशानी हो सकती है। शुरुआती 10 से 12 ओवर बल्लेबाजों के लिए अहम रहने वाले हैं। मैदान की स्क्वायर बाउंड्री 56 और 62 मीटर की हैं, जबकि सीधे हाथ की बाउंड्री 84 मीटर की है। बारिश की आशंका के चलते डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम भी मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है।
न्यूजीलैंड: विल यंग, टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर।
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह।
भारतीय गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने पिछले मुकाबले में गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने परिस्थितियों को अच्छी तरह समझा और अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू किया। मॉर्कल के मुताबिक, न्यूजीलैंड में मैदान की बाउंड्री और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर गेंदबाजी करना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि टीम के हर गेंदबाज की क्षमता के हिसाब से अलग-अलग रणनीति बनाई जाती है।
मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर मॉर्कल ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि शमी बेहद कुशल गेंदबाज और टीम के लिए शानदार खिलाड़ी रहे हैं। टीम के साथ शुरुआती दिनों में शमी ने उनकी काफी मदद की और ड्रेसिंग रूम में भारतीय माहौल को समझने में भी सहयोग दिया।
अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि भारतीय गेंदबाज नमी का कितना फायदा उठा पाते हैं और न्यूजीलैंड की टीम शुरुआती 10 से 12 ओवर की चुनौती से कैसे निपटती है। बारिश के बीच शुरू हो रहा यह 47 ओवर का मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।