IND vs NZ Match Update: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में बारिश के कारण टॉस में देरी हुई है। जानिए वेलिंगटन का मौसम, पिच रिपोर्ट और मैच से जुड़ी ताजा जानकारी।
IND vs NZ Weather Report: न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला वेलिंगटन के Hnry Stadium में खेला जाना है। हालांकि, मुकाबले से पहले बारिश ने खलल डाल दिया है। गीले आउटफील्ड के कारण टॉस में देरी हुई है। अंपायरों ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे (7:30 भारतीय समयानुसार)मैदान का निरीक्षण करने का फैसला किया है।
बारिश के कारण टॉस में देरी
वेलिंगटन में सुबह से ही बारिश का दौर जारी था। मौसम विभाग ने पहले ही दिनभर बारिश की संभावना जताई थी और मौसम का मिजाज भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। बारिश रुकने के बाद मैदान पर धूप निकल आई, जिससे मुकाबला समय पर शुरू होने की उम्मीद जगी है। दोपहर 2:20 बजे स्थानीय समयानुसार बारिश थम चुकी थी और धूप निकल आई थी। इसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को खेलने लायक बनाने के लिए सुपर सॉपर की मदद से पानी हटाने का काम शुरू किया। हालांकि, आउटफील्ड गीला होने के कारण टॉस में देरी हुई।
पहले वनडे में भारत ने दर्ज की शानदार जीत
भारत ने ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को कम स्कोर पर रोकने के बाद पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को महज 185 रन पर समेट दिया। इस दौरान गुरनूर बराड़, अंशुल कंबोज और अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा के रूप में शुरुआती झटका लगा, जो बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की महत्वपूर्ण पार्टनरशिर की। बीच में कुछ विकेट गिरने के बावजूद भारतीय टीम मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल रही। अंततः भारत ने पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
वेलिंगटन की पिच रिपोर्ट
वेलिंगटन के Hnry Stadium की पिच पर बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है। इस मैदान पर 2020 के बाद से केवल एक वनडे मुकाबला खेला गया है, इसलिए यहां के हालिया रिकॉर्ड के आधार पर बहुत कुछ कहना मुश्किल है। ईडन पार्क की तुलना में इस मैदान की स्क्वायर बाउंड्री छोटी हैं, जबकि सीधी बाउंड्री अपेक्षाकृत लंबी हैं। ऐसे में बल्लेबाजों को शॉट खेलने के लिए सही दिशा का चुनाव करना होगा। मौसम को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है, क्योंकि बारिश के कारण डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम की भूमिका भी अहम हो सकती है।
क्या बारिश के कारण रद्द हो सकता है मुकाबला?
वेलिंगटन में दिनभर बारिश की संभावना जताई गई थी। हालांकि, बारिश रुकने और धूप निकलने से मैच शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है। अब सभी की निगाहें अंपायरों के मैदान निरीक्षण और आउटफील्ड की स्थिति पर टिकी हैं। भारतीय टीम जहां पहले वनडे की जीत के बाद सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करना चाहेगी, वहीं न्यूजीलैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दूसरे वनडे में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में हो सकता है बदलाव
दूसरे वनडे से पहले भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है। वह टीम से जुड़ चुके हैं और उन्हें आकिब नबी की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए भी अच्छी खबर है। मैट हेनरी को कन्कशन से फिट घोषित कर दिया गया है और दूसरे वनडे में उनकी वापसी की संभावना है। वह जैकब डफी या ब्लेयर टिकनर में से किसी एक की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं।












