
Ind vs Pakistan T20 Match Results: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के अंतर के लिहाज से यह भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत है। ईशान किशन को उनकी मैच विनर पारी की बदौलत ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 176 रनों का लक्ष्य दिया था। लेकिन पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। उनके अलावा शाहिन शाह अफरीदी ने 23 और शादाब खान ने 14 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और पंड्या ने 2-2 विकेट लिए। वहीं, कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिला।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने धीमी पिच पर भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32, शिवम दुबे ने 27, तिलक वर्मा ने 25 और रिंकू सिंह ने 11 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए। वहीं, अफरीदी-सलमान आगा और उस्मान तारिक को 1-1 विकेट मिला।
लगातार 3 जीत के साथ भारतीय टीम ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में टॉप पोजिशन पर पहुंच गई है। भारत के 3 मैचों में 6 अंक हैं। USA दूसरे और पाकिस्तान तीसरे स्थान पर हैं, जिनके 4-4 अंक हैं। बता दें कि हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें अगले दौर में जाएंगी। USA, पाकिस्तान, नीदरलैंड और नामीबिया अपनी-अपनी आखिरी मैच जीतकर भी भारत से ज्यादा अंक हासिल नहीं कर पाएंगी। इस जीत के बाद नामीबिया टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। रविवार को खेले गए 26वें मुकाबले में USA ने नामीबिया को 31 रन से हराया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 199 रन बनाए। टीम के लिए संजय कृष्णमूर्ति ने 33 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। कप्तान मोनांक पटेल ने भी 30 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन ही बना सकी। टीम के लिए लोरेंजो स्टीनकैम्प ने 58 रन की पारी खेली, जबकि जेजे स्मिट ने 31 रन का योगदान दिया। अमेरिका की ओर से शाल्कविक ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ अमेरिका ने ग्रुप-ए में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। लगातार दूसरी जीत से टीम का कॉन्फिडेंस बढ़ा है और सुपर-8 की दौड़ में वह मजबूती से बनी हुई है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह बना ली है। रविवार को दिन के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से हराया। वहीं, नेपाल की यह लगातार तीसरी हार रही और टीम सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो गई।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 133 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने 15.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने 44 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। उनके अलावा शिमरन हेटमायर ने नाबाद 46 रन की पारी खेली, जबकि ब्रेंडन किंग ने 22 रन का योगदान दिया। नेपाल की ओर से नंदन यादव को एकमात्र विकेट मिला।