
Ind vs Pak T20 World Cup Match Live: T20 वर्ल्ड कप 2026 के एक बड़े मैच में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को हरा दिया है। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम महज 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन बनाकर भारत को एक बड़े स्कोर तक पहुंचने में मदद की। ईशान किशन ने अपनी पारी में 10 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए। ईशान किशन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
176 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। साहिबजादा फरहान शून्य, सैम अयूब 6, कप्तान सलमान अली आगा 4, बाबर आजम सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। यहां तक कि पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। उस्मान खान और शाहिन शाह आफरीदी को छोड़ दें तो बाकी बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। उस्मान ने 44 और अफरीदी ने 23 रन की पारी खेली। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा एक विकेट कुलदीप यादव और 1 तिलक वर्मा के खाते में गया।
टॉस के दौरान एक बार फिर सूर्य कुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय खिलाड़ियों ने पिछले साल एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था। यह फैसला पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में किया गया था।
भारत ने पाकिस्तान को अब तक खेले गए 17 T20 मैचों में 13 बार हराया है। 2007 में पहले एडिशन के बाद से T20 वर्ल्ड कप मैचों में भारत की जीत का आंकड़ा अब 8-1 हो गया है।
बता दें कि T-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम लगातार 11 मैच जीतने का रिकॉर्ड बना चुकी है। टीम ने 2024 में 8 मैच जीते थे, अब 2026 में 3 मैच जीतकर टीम इंडिया नया रिकॉर्ड बना चुकी है।