Asia Cup Rising Stars 2026: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत A का सामना श्रीलंका A से होगा। UAE के खिलाफ 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर सभी की नजरें रहेंगी।

India A vs Sri Lanka A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में UAE के गेंदबाजों की धुनाई करने के बाद अब वैभव सूर्यवंशी की नजरें श्रीलंका पर होंगी। भारतीय युवा बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से ऐसा तूफान मचाया कि UAE के गेंदबाज बेबस नजर आए। उनकी ऐतिहासिक पारी की बदौलत इंडिया A ने 250 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब खिताब की ओर एक कदम बढ़ाने के लिए भारतीय टीम का सामना श्रीलंका A से होगा।

सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की टक्कर

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के ग्रुप स्टेज के मुकाबले खत्म हो चुके हैं। इंडिया A ने ग्रुप B में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीन में से दो मैच जीते और चार प्वाइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर रही। वहीं, पाकिस्तान A ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। दूसरी ओर, ग्रुप A में श्रीलंका A पहले और बांग्लादेश A दूसरे नंबर पर रहा। इस तरह सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पहले सेमीफाइनल में भारत A और श्रीलंका A आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान A की भिड़ंत बांग्लादेश A से होगी।

कब और कितने बजे होगा इंडिया A का सेमीफाइनल?

भारत A और श्रीलंका A के बीच पहला सेमीफाइनल गुरुवार, 26 नवंबर को खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में भारतीय टीम की सबसे बड़ी उम्मीद वैभव सूर्यवंशी होंगे, जिन्होंने UAE के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है।

और पढे़ं- दो विकेट गिरे, फिर भी नहीं थमे वैभव! आखिर क्या थी बेबी बॉस की तूफानी पारी की रणनीति?

श्रीलंका के खिलाफ पहले भी चला है वैभव का बल्ला

वैभव सूर्यवंशी के लिए श्रीलंका A की टीम नई नहीं है। इससे पहले जून में खेली गई ट्राई-नेशन सीरीज में भी दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था। उस सीरीज के फाइनल में इंडिया A ने श्रीलंका A को 66 रन से हराया था। इस मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली थी। अब एक बार फिर दोनों टीमें सेमीफाइनल में भिड़ने जा रही हैं। भारतीय फैंस को उम्मीद होगी कि वैभव एक बार फिर अपने बल्ले से कमाल दिखाएं और टीम को फाइनल का टिकट दिलाएं। हालांकि, श्रीलंका A को हल्के में लेना भारत के लिए आसान नहीं होगा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।