
Ind vs SA T20 Match Result: वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। रविवार को खेले गए तीसरे सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हरा दिया। इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारत की लगातार 12 मैचों से चली आ रही जीत का सिलसिला भी खत्म हो गया।
IND Vs SA, कल का मैच कौन जीता, T20 World Cup Super 8 Match Result भारत vs साउथ अफ्रीका
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ 20 रन पर अपने टॉप-3 विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक 6 रन, कप्तान ऐडन मार्करम 4 रन और रियान रिकेल्टन 7 रन बनाकर आउट हो गए। पावरप्ले के बाद टीम का स्कोर 41/3 था। इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी संभाली। दोनों ने मिलकर सिर्फ 50 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की। इस तेज साझेदारी से टीम का रन रेट लगभग 10 रन प्रति ओवर पहुंच गया।
डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ब्रेविस ने 45 रन बनाए, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों में नाबाद 44 रन जोड़े। मिलर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को 2 सफलता मिली।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। लगातार चौथे मैच में भारत का एक ओपनर बिना खाता खोले आउट हुआ। इस बार ईशान किशन शून्य पर आउट हुए। तिलक वर्मा केवल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा 15 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान सूर्यकुमार यादव 18 रन ही बना सके, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 11 रन जोड़े। शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मार्को यानसन ने 4 विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। केशव महाराज ने 3 विकेट लिए। कॉर्बिन बॉश को 2 विकेट और ऐडन मार्करम को 1 सफलता मिली।
टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रन से हरा दिया। यह मैच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए। ओपनर फिल सॉल्ट ने 40 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। विल जैक्स ने 21 रन का योगदान दिया। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद इंग्लैंड ने संघर्ष करते हुए सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 16.4 ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान दसुन शनाका ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया और श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और लियम डॉसन ने 2-2 विकेट लिए। इन सभी गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने मुकाबला अपने नाम किया।
ऑलराउंडर विल जैक्स ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया। उन्होंने 3 विकेट लेकर मैच का रुख इंग्लैंड की ओर मोड़ दिया। इसके अलावा, जब टीम 94 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, तब जैक्स ने 14 गेंदों पर 21 रन बनाकर स्कोर 140 के पार पहुंचाने में मदद की। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।