
स्पोर्ट्स डेस्क: इस समय दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें शुक्रवार, 26 मई 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2023 के क्वालीफायर-2 मुकाबले पर टिकी हुई है। जिसमें मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस की टीम आमने-सामने होगी और जीतने वाली टीम फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी। इसके लिए दोनों टीमों में गजब का जोश देखा जा रहा है। मुंबई इंडियंस ने अपनी जीत की तैयारी की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की। आइए आपको दिखाते हैं किस तरह से मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी अहमदाबाद पहुंचे और यहां अपना प्रैक्टिस सेशन स्टार्ट किया...
फुल जोश में नजर आए मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस ने हाल ही में अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जहां पर मुंबई से लेकर अहमदाबाद तक के उनके सफर को दिखाया गया है। वीडियो की शुरुआत रोहित शर्मा से होती है, जो कहते हैं कि मैं प्रैक्टिस को जा रहा हूं भाई। इसके बाद सभी खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत अहमदाबाद में होता है। फ्लाइट में भी मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मस्ती करते नजर आए। इसके बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोहित शर्मा आशीष नेहरा से टिप्स लेते दिखें। वीडियो को शेयर कर मुंबई इंडियंस ने लिखा- "टचडाउन अहमदाबाद, क्वालीफायर 2 मुकाबले के लिए तैयार है।"
मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात टाइटंस
मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच क्वालीफायर 2 मुकाबला बहुत रोमांचक होने वाला है। गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पहले मुंबई इंडियंस के लिए ही खेला करते थे। ऐसे में दोनों टीमें सामने वाले की कमजोरी और मजबूती को अच्छी तरह जानती हैं। इस पूरे सीजन गुजरात टाइटंस ने 14 में से 10 मैच जीते, वहीं मुंबई इंडियंस ने 14 में से 8 मैच जीतकर ऑफ के लिए क्वालीफाई किया। बता दें कि मुंबई इंडियंस अब तक पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है। वहीं, गुजरात टाइटंस ने पिछले साल ही आईपीएल में डेब्यू किया था और पहले ही सीजन उसने आईपीएल की ट्रॉफी जीती और इस साल भी वह ट्रॉफी की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।