
KKR vs GT Playoff Scenario: IPL 2026 अब उस मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर मैच के साथ प्लेऑफ की तस्वीर बदल रही है, लेकिन सबसे ज्यादा दबाव इस समय कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) पर है। हालत ऐसी हो गई है कि टीम अगर अपने बाकी तीनों मैच जीत भी जाए, तब भी प्लेऑफ की गारंटी नहीं होगी। आज कोलकाता का मुकाबला गुजरात टाइटंस से है। मैच ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। केकेआर के लिए ये इस सीजन का सबसे बड़ा टेस्ट है। आइए जानते हैं आज के मैच की डिटेल्स, कोलकाता के प्लेऑफ में पहुंचने के क्या हैं रास्ते और टीम कहां फंस रही है...
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में KKR का सीजन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। टीम कभी जीत की पटरी पर आई, तो कभी लगातार हार ने पूरा गणित बिगाड़ दिया। अब स्थिति ये है कि KKR के पास सिर्फ 3 मैच बचे हैं। अगर टीम तीनों जीतती है, तब उसके 15 अंक होंगे, लेकिन IPL 2026 में इस बार कई टीमें 16+ पॉइंट्स की तरफ बढ़ रही हैं। यानी सिर्फ जीतना काफी नहीं, अब KKR को दूसरी टीमों के हारने की दुआ भी करनी पड़ेगी।
सामान्य तौर पर IPL में 16 अंक प्लेऑफ के लिए सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग है। अगर GT लगातार जीतती रही, RCB टॉप-2 में बनी रही, PBKS और SRH भी 16+ पॉइंट्स तक पहुंच गए तो KKR के 15 अंक कम पड़ सकते हैं। यानी उसे चाहिए कि वो अपने तीनों मैचों में जीते, रन रेट अच्छा हो और दूसरी टीमों की हार हो। यही वजह है कि KKR का प्लेऑफ रास्ता अभी भी काफी मुश्किल माना जा रहा है।
अगर आज गुजरात के खिलाफ KKR हारती है, तो टीम लगभग प्लेऑफ की रेस से बाहर हो सकती है। फिर बाकी मैच सिर्फ औपचारिकता बन जाएंगे। पॉइंट्स टेबल में ऊपर जाना लगभग नामुमकिन हो जाएगा। फैंस का प्लेऑफ सपना टूट सकता है। यानी आज का मैच KKR के लिए फाइनल जैसा है।
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात इस समय IPL 2026 की सबसे खतरनाक टीमों में नजर आ रही है। टीम लगातार 5 मैच जीत चुकी है और शानदार फॉर्म में है। GT की ताकत साई सुदर्शन का शानदार फॉर्म, शुभमन गिल की लगातार रन बरसाती बल्लेबाजी, राशिद खान का अनुभव और रबाडा की तेज गेंदबाजी है। साई सुदर्शन इस समय ऑरेंज कैप की रेस में भी बने हुए हैं। उन्होंने इस सीजन 500+ रन बना दिए हैं।
KKR के लिए इस समय सबसे बड़ी उम्मीद रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती माने जा रहे हैं। खास बात ये है कि वरुण चक्रवर्ती चोट के बाद वापसी कर सकते हैं। ईडन गार्डन्स की पिच स्पिनर्स को मदद देती है, इसलिए उनकी वापसी KKR के लिए बड़ा प्लस साबित हो सकती है।
ईडन गार्डन्स की पिच इस सीजन काफी दिलचस्प रही है। यहां बल्लेबाजों को बाउंस मिलता है, स्पिनर्स को भी मदद मिलती है और चेज करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। अब तक यहां 43 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती और 59 मैच चेज करने वाली टीमों ने जीते। यानी टॉस भी आज बड़ा रोल निभा सकता है।
कोलकाता में शाम के समय हल्की बारिश की आशंका है। अगर मैच बारिश से प्रभावित होता है, तो KKR की मुश्किल और बढ़ सकती है। क्योंकि एक-एक पॉइंट अब बेहद कीमती है। मैच का रिजल्ट न निकलने की स्थिति में KKR को बड़ा नुकसान हो सकता है।