
KKR vs RR: सुपर संडे के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आखिर अपनी पहली जीत दर्ज की। रविवार को खेले गए 28वें मैच में KKR ने RR को 4 विकेट से हरा दिया। जीत के हीरो बने रिंकू सिंह, जिन्होंने 35 गेंदों में 53 रन की नाबाद पारी खेलते हुए अपनी टीम को इस सीजन की पहली जीत का स्वाद चखाया।
टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 19.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 161 रन बना राजस्थान को शिकस्त दी। शानदार और मैच जिताऊ पारी के लिए रिंकू सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 53 रन की पारी में 5 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के दोनों ओपनर टिम शेफर्ट और अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जिससे टीम पर शुरुआती दबाव बन गया। शुरुआती झटकों के बाद कैमरन ग्रीन ने 27 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन ध्रुव जुरेल ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी 10 और रोवमैन पावेल 23 रन बनाकर चलते बने। लगातार विकेट गिरने से KKR की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं।
जब टीम संकट में थी, तब रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, जिसने टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। रिंकू सिंह ने अंत तक टिककर शानदार बल्लेबाजी की और छक्का लगाकर मैच खत्म किया।
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी RR की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर्स वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने संभलकर बल्लेबाजी की। दोनों ने 6 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया। 9वें ओवर में राजस्थान को पहला झटका लगा, जब वैभव सूर्यवंशी आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंदों में 46 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से आउट किया।
वैभव के आउट होने के बाद राजस्थान की पारी लड़खड़ा गई। यशस्वी जायसवाल 11वें ओवर में आउट हो गए। वहीं, ध्रुव जुरेल भी 5 रन बनाकर चलते बने। लगातार विकेट गिरने के कारण RR बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना पाई।
KKR के लिए वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 3 विकेट लेकर राजस्थान की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोका और मैच में अहम भूमिका निभाई।