
RR vs DC Match Preview: आईपीएल 2026 के 43वें मैच में आज राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत होगी। जयपुर में होने वाले इस मुकाबले में सबसे बड़ा आकर्षण 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और दिल्ली कैपिटल्स के खतरनाक गेंदबाज मिचेल स्टार्क की टक्कर होगी। एक तरफ राजस्थान के सूर्यवंशी जहां फियरलेस-फोकस्ड-फास्ट बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं दिल्ली के मिचेल स्टार्क स्पीड-स्विंग-स्ट्राइक के लिए मशहूर हैं।
राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर इस सीजन में शानदार लय में दिख रहे हैं, खासकर पावरप्ले में उनकी गेंदबाजी बेहद असरदार रही है। उन्होंने चार बार अपने पहले ही ओवर में विकेट लिया है, जिसमें तीन बार तो पहली ही गेंद पर बल्लेबाज को आउट किया। सिर्फ एक मैच ऐसा रहा है, जब पावरप्ले में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। दिल्ली कैपिटल्स के पिछले मैच को देखते हुए, उनके बल्लेबाज आर्चर की इस खतरनाक शुरुआत से पूरी तरह सतर्क रहेंगे।
DC के समीर रिजवी ने इस सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की थी, जहां उन्होंने 70 नाबाद और 90 रन की पारियां खेलीं। लेकिन इसके बाद उनका फॉर्म गिर गया है। पिछली 5 पारियों में वह चार बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं, जिसमें दो बार तो खाता भी नहीं खोल पाए। इससे दिल्ली कैपिटल्स के मिडिल ऑर्डर में कमजोरी साफ दिख रही है। टीम मैनेजमेंट चाहेगा कि वह जल्द से जल्द अपनी लय वापस पाएं।
यह मुकाबला जयपुर स्टेडियम की पिच नंबर 4 पर खेला जाएगा। इस पिच पर IPL के पिछले तीन नाइट मैचों में क्रमश: 196/3, 217/2 और 206/8 जैसे बड़े स्कोर बने हैं। इनमें से दो मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम हार गई थी। इससे साफ है कि यह पिच हाई-स्कोरिंग है और मैच रोमांचक हो सकता है।
राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने आर्चर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैदान पर उनकी शानदार गेंदबाज़ी सब देखते हैं, लेकिन मैदान के बाहर उनकी मेहनत भी उतनी ही खास है। आर्चर ट्रेनिंग में पूरी मेहनत करते हैं, मैच जैसी गेंदबाजी का अभ्यास करते हैं और टीम मीटिंग्स में भी सक्रिय रहते हैं। वह एक लीडर की तरह टीम को प्रेरित करते हैं। संगकारा ने यह भी कहा कि आर्चर को अपनी बल्लेबाजी पर भी गर्व है। इतने बड़े खिलाड़ी का टीम के साथ इस तरह जुड़ना बाकी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। टीम को खुशी है कि वह उनके साथ हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने कहा कि एक मैच हारने से टीम घबराती नहीं है। उनका नजरिया हमेशा एक जैसा रहता है। अगर टीम पहले बल्लेबाजी करती है, तो बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करती है और फिर उसे बचाने की योजना बनाती है। उन्होंने कहा कि कभी 250 रन बनते हैं तो कभी 75, यह खेल का हिस्सा है, घबराने की बात नहीं। टीम का मुख्य लक्ष्य है मैच पर नियंत्रण बनाए रखना और गलतियों को कम करना। अगर टीम अच्छी क्रिकेट खेलेगी, तो नतीजे अपने आप सही आएंगे।
आज जयपुर में मौसम काफी गर्म रहने वाला है। मैच के दौरान खिलाड़ियों को गर्मी का असर साफ महसूस हो सकता है, जिससे फिटनेस और प्रदर्शन दोनों पर असर पड़ सकता है। मैच की शुरुआत में तापमान लगभग 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, ह्यूमिडिटी करीब 14% रहने की उम्मीद है, यानी हवा काफी शुष्क रहेगी। अच्छी बात यह है कि आज बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे मैच बिना किसी रुकावट के पूरा होने की उम्मीद है। रात के समय ओस एक अहम भूमिका निभा सकती है। दूसरी पारी में ओस बढ़ने की संभावना है, जिससे गेंदबाजों को गेंद पकड़ने (ग्रिप) में दिक्कत हो सकती है। इसका सीधा फायदा बल्लेबाजों को मिल सकता है, क्योंकि गीली गेंद से शॉट खेलना आसान हो जाता है और गेंदबाजों के लिए नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो जाता है।