
RR vs DC: जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे बड़े गेंदबाजों का सामना करने के बावजूद वैभव सूर्यवंशी अब तक IPL 2026 में बेखौफ नजर आए हैं। 15 साल की उम्र में उन्होंने जिस आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाज़ी की है, वह काबिले-तारीफ है। उन्हें न तो किसी गेंदबाज का डर है, न हालातों की चिंता...उनका पूरा ध्यान सिर्फ गेंद पर होता है। अब तक खेले गए मैचों में सूर्यवंशी 400 रन बना चुके हैं और अभी भी 8 मैच बाकी हैं। ऐसे में उनके पास इस सीजन में बहुत बड़ा स्कोर खड़ा करने का शानदार मौका है।
मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद अब उनकी अगली परीक्षा दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है। इस मुकाबले में सबसे बड़ा आकर्षण होगा मिचेल स्टार्क से उनका सामना। स्टार्क की तेज और स्विंग गेंदबाजी के सामने सूर्यवंशी कैसे खेलेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। क्या वह पहली ही गेंद पर आक्रामक अंदाज जारी रख पाएंगे? इस पर क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।
IPL 2024 में स्टार्क इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। बाद में IPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद अब वह पूरी तरह फिट होकर टीम में लौट आए हैं। दिल्ली कैपिटल्स इस समय अंक तालिका में सातवें स्थान पर है और टीम को जीत की सख्त जरूरत है। ऐसे में स्टार्क की वापसी टीम के लिए बहुत अहम साबित हो सकती है।
इस सीजन में सूर्यवंशी ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की है।
हालांकि, यह भी देखा गया है कि डिसिप्लिन गेंदबाजी के सामने वह थोड़ा संघर्ष करते हैं।
सूर्यवंशी का खेल आक्रामक है, जबकि स्टार्क नई गेंद से शुरुआती विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं। यही इस मुकाबले को खास बनाता है। सूर्यवंशी का कहना है कि वह गेंद को देखते हैं, गेंदबाज को नहीं। लेकिन स्टार्क की तेज और स्विंग गेंदें उन्हें शुरुआत में परख सकती हैं। इस मुकाबले का नतीजा क्या होगा, यह कहना मुश्किल है। फिर भी, यह टक्कर क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाली है।