
India vs South Africa ODI: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म हो चुकी है। टीम इंडिया को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। अब दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है। रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम में वापस आ चुके हैं। पहला मुकाबला रांची के बिरसामुंडा क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। इस मैच में रोहित के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। हिटमैन जब अफ्रीका के सामने होंगे, तब उनके सामने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा, जिसे तोड़ सकते हैं।
रोहित शर्मा 30 नवंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ नए इतिहास रचने की कगार पर खड़े हैं। पहले वनडे मैच में वो अगर 3 छक्के लगा देते हैं, तो विश्व रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो जाएगा। वो वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। उनके हाथों पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड टूट जाएगा। फिलहाल वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अफरीदी के नाम ही दर्ज है, लेकिन अब उनके इस आंकड़े से रोहित सिर्फ 3 कदम दूर खड़े हैं।
और पढ़ें- सचिन के एक बड़े रिकॉर्ड पर खतरे की घंटी, रोहित शर्मा और विराट कोहली रचने वाले हैं इतिहास
हिटमैन ने अभी तक एकदिवसीय क्रिकेट में कुल 276 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 349 छक्के निकले हैं। वो रांची वनडे में कम से कम 3 छक्के जड़ने में कामयाब हो जाते हैं, शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़कर टॉप पर आ जाएंगे। अफरीदी ने कुल 351 छक्के इस फॉर्मेट में जड़े हैं। सिर्फ 2 छक्के के साथ वो रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे, जबकि 3 के साथ पहले नंबर पर आएंगे। वहीं, नंबर तीन पर वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम आता है, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 331 छक्के लगाए हैं। चौथे नंबर पर सनथ जयसूर्या 270 और और पांचवें नंबर पर एमएस धोनी ने 229 छक्के ठोके हैं।
साउथ अफ्रीका और भारत के बीच कुल 3 वनडे मुकाबले होंगे। पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। उसके बाद 3 दिसम्बर को रायपुर में होगा, जबकि सीरीज का आखिरी मैच 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में है। रोहित शर्मा ने 276 वनडे में 49.22 की औसत से 11370 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 33 शतक और 59 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 264 रन है। उनके नाम इस फॉर्मेट में 9 विकेट भी दर्ज है। 23 जून 2007 को पहला इंटरनेशनल मैच खेला था।
और पढ़ें- क्यों रोहित शर्मा से छीनी गई वनडे टीम की कप्तानी? यहां जानें 3 सबसे बड़ी वजह