
Rohit Virat Shameful Record: भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े बल्लेबाजी स्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली जब मैदान पर उतरते हैं, तो फैंस को उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद होती है। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ बे ओवल में खेले जा रहे चौथे वनडे में दोनों दिग्गजों का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। इतना ही नहीं, दोनों के नाम एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे वे शायद ही याद रखना चाहेंगे। वनडे क्रिकेट में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब रोहित शर्मा और विराट कोहली एक ही मुकाबले में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इससे पहले साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला वनडे में दोनों बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए थे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारतीय टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने बिना कोई रन दिए भारत के तीन बड़े बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा अपना विकेट गंवा बैठे। हेनरी की उछाल लेती गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में खड़े फिन एलेन के हाथों में चली गई। इसके बाद क्रीज पर आए विराट कोहली भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। हेनरी की अंदर आती गेंद उनके बल्ले को चकमा देते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हेनरी की गेंद पर अंपायर ने पहले उन्हें नॉटआउट दिया, लेकिन न्यूजीलैंड ने रिव्यू लिया। बॉल ट्रैकिंग में तीनों रेड दिखाई दिए और अय्यर को अपना विकेट गंवाना पड़ा।
रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे करियर में यह बेहद अनचाहा संयोग है। दोनों दिग्गज इससे पहले साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में खेले गए वनडे मुकाबले में भी शून्य पर आउट हुए थे। अब 16 साल बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों एक ही मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे। खास बात यह है कि ओपनर के तौर पर रोहित शर्मा का यह पहला गोल्डन डक भी रहा। यानी वह पारी की पहली ही गेंद पर बिना रन बनाए आउट हो गए।
मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत ने पहले ही ओवर में बिना कोई रन बनाए अपने तीन विकेट गंवा दिए। पुरुष वनडे क्रिकेट में भारत के साथ ऐसा बेहद दुर्लभ स्थिति में हुआ है। 334 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम पर अब दबाव काफी बढ़ गया। एक तरफ रोहित और विराट जैसे अनुभवी बल्लेबाजों के विकेट गिर गए, तो दूसरी तरफ कप्तान श्रेयस अय्यर भी पवेलियन लौट चुके थे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी की यह गेंदबाजी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।