वैभव सूर्यवंशी के किस शॉट पर भड़के सुनील गावस्कर, जताई गहरी नाराजगी

Published : Jul 05, 2026, 06:01 PM IST
vaibhav suryavanshi debut run

सार

भारत के सबसे युवा डेब्यू खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ 10 गेंदों में 14 रन बनाए। उनके आउट होने के तरीके पर सुनील गावस्कर ने प्रतिक्रिया दी।

Vaibhav Suryavanshi Debut: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू सिर्फ 10 गेंदों तक ही सीमित रहा। हालांकि, इस छोटी पारी में उन्होंने अपने टैलेंट की झलक जरूर दिखाई। जोफ्रा आर्चर और जोश टोंग की गेंदों पर लगाए गए 2 शानदार छक्कों ने यह साबित कर दिया कि उनमें बड़े मंच पर खेलने का आत्मविश्वास है। हालांकि, अगर वह कुछ देर और क्रीज पर टिकते और बड़ी पारी खेलते, तो भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला देख रहे करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का रोमांच और बढ़ जाता।

पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर विल जैक्स ने उन्हें आउट कर दिया। ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी गई सपाट गेंद पर सूर्यवंशी आगे बढ़कर कट शॉट खेलने की कोशिश में चूक गए। गेंद को सही तरीके से नहीं खेल पाए और विकेटकीपर जोस बटलर ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। इस तरह उनकी पारी 10 गेंदों में 14 रन पर समाप्त हुई।

Sunil Gavaskar Reaction: गावस्कर बोले- यह उनका स्वाभाविक शॉट नहीं

वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने उनकी बल्लेबाजी पर अपनी राय रखी। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह का कट शॉट खेलकर सूर्यवंशी आउट हुए, वह उनके खेल का हिस्सा नहीं है। गावस्कर ने कहा, "यह उनका शॉट नहीं है। उनका असली शॉट कवर ड्राइव है।" सूर्यवंशी को अपनी मजबूत बैटिंग स्टाइल पर भरोसा रखना चाहिए था।

'भारत का बच्चा' कहकर पहले ही जताया था भरोसा

मैच शुरू होने से पहले ही सुनील गावस्कर ने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने सूर्यवंशी को "भारत का बच्चा" बताते हुए कहा था कि पूरे देश की निगाहें उन पर रहेंगी। गावस्कर के मुताबिक, "अगर वह पहली ही गेंद से अच्छा खेलने लगें तो मुझे बिल्कुल हैरानी नहीं होगी। भारत में जो भी लोग मैच देख रहे होंगे, वे खुशी से झूम उठेंगे। वह अब भारत का बच्चा है और हर कोई चाहता है कि उनका बच्चा अच्छा प्रदर्शन करे।"

भारत के सबसे युवा डेब्यू खिलाड़ी बने वैभव सूर्यवंशी

शनिवार को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका मिला। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया। 15 साल और 99 दिन की उम्र में वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट और 16 साल 238 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था।

दो शानदार छक्कों से दिखाई अपनी क्षमता

भले ही सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान जरूर खींचा। जोफ्रा आर्चर की तेज गेंद पर उन्होंने शानदार 'नो-लुक व्हिप-स्कूप' शॉट खेलते हुए स्क्वेयर के पीछे छक्का लगाया। इसके बाद जोश टोंग की गेंद पर उन्होंने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से आईपीएल में अक्सर देखने वाला दमदार छक्का जड़ दिया।हालांकि, इंग्लैंड की तेज और अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर उन्हें लगातार तालमेल बैठाने में मुश्किल हुई।

विल जैक्स की चाल में फंसे सूर्यवंशी

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने सही समय पर विल जैक्स को गेंदबाजी के लिए लगाया। जैक्स ने एक चौड़ी और हल्की उड़ान वाली ऑफ-ब्रेक गेंद फेंकी। सूर्यवंशी आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने निकले, लेकिन गेंद उनसे काफी दूर रही। वह गेंद को छू भी नहीं पाए और जोस बटलर ने उन्हें आसानी से स्टंप कर दिया।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Vaibhav Sooryavanshi World Record: मेसी-माराडोना क्लब में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की एंट्री, दुनिया हैरान!
Who Won Yesterday’s Match, IND vs ENG 2nd T20 Result: कल का मैच कौन जीता? वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू मैच का टर्निंग पॉइंट