
Vaibhav Suryavanshi World Record: भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए तीसरे और आखिरी T20I मुकाबले में उन्होंने 49 गेंदों पर 81 रन की शानदार पारी खेली और टीम इंडिया को 192/5 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस पारी के साथ वैभव पुरुषों के इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 साल की उम्र से पहले 50 या उससे ज्यादा रन की दो पारियां खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।
इससे पहले पुरुषों के इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 साल की उम्र से पहले 50 से अधिक रन की पारी खेलने का रिकॉर्ड केवल नेपाल के कुशल मल्ला के नाम था। अब वैभव सूर्यवंशी उनसे आगे निकल गए हैं। उनके नाम ऐसी दो इंटरनेशनल अर्धशतकीय पारियां दर्ज हो चुकी हैं।
2 फिफ्टी – वैभव सूर्यवंशी (भारत)
1 फिफ्टी – कुशल मल्ला (नेपाल)
हरारे की पिच पर गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, ऐसे में वैभव ने अपनी पारी की शुरुआत धैर्य के साथ की। पहली 10 गेंदों पर उन्होंने सिर्फ 11 रन ही बनाए। वहीं, पहली 20 गेंदों पर उनका स्कोर महज 26 रन था। लेकिन बाद की 28 गेंदों में उन्होंने ताबड़तोड़ तरीके से रन बनाए। उन्होंने अपना दूसरा T20 अर्द्धशतक महज 31 गेंदों में पूरा कर लिया। वैभव सूर्यवंशी अपने पहले T20I शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन वेस्ली मधेवेरे की गेंद पर उनका सफर समाप्त हो गया। उन्होंने शॉट खेला, जिसे ब्रैड इवांस ने लॉन्ग ऑफ पर शानदार कैच में बदल दिया। इस तरह उनकी बेहतरीन पारी 49 गेंदों पर 81 रन पर समाप्त हुई।
जहां एक ओर वैभव सूर्यवंशी शानदार लय में दिखे, वहीं दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा का संघर्ष जारी रहा। अभिषेक सिर्फ 2 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजराबानी की गेंद पर विकेटकीपर ताडी मारुमनी को कैच दे बैठे। पिछली छह T20I पारियों में उनके स्कोर पर नजर डालें तो 10, 16, 3, 1, 8 और 2 रन हैं।
वैभव ने दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन (29 रन) के साथ 75 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (27 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े और भारत की पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 192 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्बे की टीम 14 ओवर में 4 विकेट खोकर 104 रन पर खेल रही थी।