
SL Vs IRE T20 World Cup Yesterday Match Result: कल टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट के तीन जबरदस्त मुकाबले खेले गए, जिनमें श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड की टीमों ने जीत दर्ज की। दर्शकों को हर गेंद पर रोमांच, हर मैच में हाई-वोल्टेड ड्रामा देखने को मिला। श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर शानदार शुरुआत की, वहीं इंग्लैंड ने नेपाल को सिर्फ 4 रन से मात दी और न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया। इस आर्टिकल में जानिए कल के मुकाबलों के फुल रिजल्ट, कौनसे खिलाड़ी बने हीरो, मैच के हाइलाइट्स और टर्निंग पॉइंट...
श्रीलंका ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार शुरुआत की। रविवार को खेले गए तीसरे मैच में टीम ने आयरलैंड को 20 रन से हराया। मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। कुसल मेंडिस ने 43 गेंदों में 56 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दी। कमिंडु मेंडिस ने 19 गेंदों में 44 रन की तूफानी पारी खेली। आयरलैंड की ओर से बैरी मैकॉर्थी और जॉर्ज डॉकरेल को 2-2 विकेट मिले। श्रीलंका की टॉप और मिडिल ऑर्डर ने टीम को एक चैलेंजिंग स्कोर तक पहुंचाया।
164 रन का टारगेट चेज करने उतरी आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। हैरी टेक्कर ने 40 और रॉस अडॉयर ने 34 रन बनाए, बाकी बल्लेबाज ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। महीश तीक्षणा और वनिंदू हसरंगा ने 3-3 विकेट लिए। मथीशा पथिराना को 2 विकेट मिले।
टी-20 वर्ल्ड कप में आखिरकार इंग्लैंड की जीत का खाता खुल गया है, लेकिन यह जीत आसान बिल्कुल नहीं रही। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में नेपाल ने आखिरी ओवर तक इंग्लैंड को पसीना छुड़ा दिया। मैच का फैसला हुआ सिर्फ 4 रन से, और हीरो बने सैम करन, जिन्होंने आखिरी ओवर में कमाल की गेंदबाजी की। नेपाल को जीत के लिए अंतिम ओवर में 11 रन चाहिए थे। सामने सैम करन थे, दबाव चरम पर था। लेकिन करन ने एक-एक गेंद पर लाइन और लेंथ संभाले रखी और सिर्फ 6 रन दिए। नेपाल 180 रन तक ही पहुंच सका और इंग्लैंड ने मैच अपने नाम कर लिया।
185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत ठीक रही। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 44 रन की शानदार पारी खेली, कप्तान रोहित पौडेल ने 39 रन जोड़े, लोकेश बम 39 रन बनाकर नाबाद रहे और कुशल भुर्तेल ने 29 रन की तेज शुरुआत दी। नेपाल ने बीच के ओवरों में इंग्लैंड पर दबाव बना दिया और ऐसा लगने लगा कि उलटफेर हो सकता है। इंग्लैंड की तरफ से लियम डॉसन ने 2 अहम विकेट लिए। आर्चर, ल्यूक वुड और विल जैक्स को 1-1 सफलता मिली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 184 रन बनाए। जैकब बेथेल ने 55 रन की शानदार पारी खेली हैरी ब्रूक ने 53 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि आखिरी ओवरों में इंग्लैंड बड़ा स्कोर नहीं बना सका, जिसका फायदा नेपाल को मिला। नेपाल की तरफ से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 2 विकेट लिए, नंदन यादन ने भी 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड ने ग्रुप D के अपने पहले ही मैच में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की। मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया, जहां रन बने और रोमांच भी भरपूर दिखा। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने पूरे 20 ओवर खेलते हुए 6 विकेट पर 182 रन बनाए। गुलबदीन नाईब ने शानदार 63 रन की पारी खेली, सेदिकुल्लाह अटल ने 29 रन जोड़े, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 27 रन बनाए, दारविश रसूली ने 20 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 विकेट लिए, मैट हेनरी, रचिन रवींद्र और जैकब डफी को 1-1 विकेट मिला।
183 रन का टारगेट सामने था, लेकिन न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में कहीं भी घबराहट नहीं दिखी। ओपनर टिम साइफर्ट ने शुरुआत से ही साफ कर दिया कि कीवी टीम दबाव में नहीं है। उन्होंने 65 रन की तेज और समझदारी भरी पारी खेली। उनके बाद ग्लेन फिलिप्स ने 42 रन, मार्क चापमन ने 28 रन और डेरिल मिचेल ने अंत तक टिकते हुए नाबाद 25 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से मुजिब उर रहमान ने 2 विकेट लिए, राशिद खान, मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई को 1-1 विकेट मिला। न्यूजीलैंड ने टारगेट को 17.5 ओवर में ही 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले कीवी टीम ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ 167 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
इसे भी पढ़ें- T20 World Cup: 'बैग पैक करके आ जाओ', एक कॉल ने पलट दी इस खिलाड़ी की किस्मत
इसे भी पढ़ें- IND vs USA मैच में बने 5 भयानक रिकॉर्ड, 4 में सूर्यकुमार यादव का नाम...!