
KKR vs GT Match Result: IPL 2026 में शनिवार रात ईडन गार्डन्स के मैदान पर रनों की ऐसी आतिशबाजी हुई जिसे फैंस सालों याद रखेंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एक बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मैच में टेबल-टॉपर गुजरात टाइटंस (GT) को 29 रनों से धूल चटा दी। पहले बैटिंग करते हुए केकेआर ने बोर्ड पर 247 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था, जिसके जवाब में गुजरात की टीम तमाम कोशिशों के बावजूद 218 रन ही बना सकी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस की लगातार 5 मैचों से चली आ रही जीत पर भी ब्रेक लग गया है। इस मैच में कुल 21 छक्के लगे। आइए जानते हैं कल के मैच का पूरा रोमांच...
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 14 रन बनाकर चलते बने। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने गुजरात के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए। सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने महज 35 गेंदों में 93 रन ठोक डाले, जिसमें 4 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल थे। दूसरे छोर पर युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी नाबाद 82 रन (44 गेंद, 7 छक्के) की मैच जिताऊ पारी खेली। रही-सही कसर आखिरी ओवरों में कैमरन ग्रीन ने पूरी कर दी। ग्रीन ने सिर्फ 28 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 247 रन तक पहुंचा दिया।
गुजरात के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज राशिद खान ने 4 ओवर में 57 रन लुटाए, जबकि अरशद खान के एक ही ओवर में 22 रन आ गए। मोहम्मद सिराज और साई किशोर को 1-1 विकेट जरूर मिला, लेकिन टीम ने फील्डिंग में 3 से 4 आसान कैच टपकाए जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।
248 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने अंत तक लड़ाई लड़ी। टीम की तरफ से तीन-तीन हाफ सेंचुरी लगीं, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने की वजह से टीम पीछे रह गई। शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 7 छक्कों की मदद से 85 रनों की शानदार कप्तानी पारी खेली। जॉस बटलर ने 35 गेंदों में तेजतर्रार 57 रन बनाए और गिल के साथ मिलकर मैच को रोमांचक बनाए रखा। चोट के बाद वापसी किए साई सुदर्शन ने 28 गेंदों में नाबाद 53 रनों की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन वह टीम को जिता नहीं सके।
जब जॉस बटलर और साई सुदर्शन क्रीज पर थे, तब गुजरात मैच में बनी हुई थी। आखिरी 2 ओवरों में जीटी को जीत के लिए 45 रन चाहिए थे और मैच किसी भी तरफ पलट सकता था। ऐसे में अपना सिर्फ दूसरा आईपीएल मैच खेल रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने मैच का पासा पलट दिया। सौरभ ने अपने लंबे कद का पूरा फायदा उठाया और 19वें ओवर में अपनी स्लोअर गेंदों से सिर्फ 5 रन दिए। इसी ओवर में उन्होंने जॉस बटलर (57) को भी आउट कर दिया, जिनका कैच रमनदीप सिंह ने लपका। इस ओवर ने गुजरात की उम्मीदें पूरी तरह तोड़ दीं। केकेआर के लिए सुनील नरेन सबसे किफायती रहे, जिन्होंने 4 ओवर में केवल 29 रन देकर 2 विकेट झटके।
इस शानदार जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 12 मैचों में 5वीं जीत दर्ज करके पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाते हुए छठे नंबर पर आ गई है। अब केकेआर प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है और चौथे नंबर पर मौजूद पंजाब किंग्स से सिर्फ 2 अंक पीछे है। दूसरी तरफ, मैच हारने के बाद भी गुजरात टाइटंस 16 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर मजबूत स्थिति में बनी हुई है।