फीफा वर्ल्ड कप 2026 में रोमांच चरम पर: यमाल का जलवा, इजिप्ट का इतिहास और केप वर्डे का कमाल

Published : Jun 23, 2026, 09:26 AM IST
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में रोमांच चरम पर: यमाल का जलवा, इजिप्ट का इतिहास और केप वर्डे का कमाल

सार

फीफा वर्ल्ड कप: 18 वर्षीय यमाल के गोल से स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराया। इजिप्ट ने 92 साल बाद न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर पहली जीत पाई। ईरान ने बेल्जियम को और केप वर्डे ने उरुग्वे को ड्रॉ पर रोका।

अटलांटा: स्पेन के युवा सुपर स्टार लामिने यमाल ने फीफा वर्ल्ड कप में अपना पहला गोल दाग दिया है। मेसी और रोनाल्डो के बाद फुटबॉल की दुनिया का अगला बड़ा सितारा माने जा रहे 18 साल के यमाल ने सऊदी अरब के खिलाफ मैच में शानदार खेल दिखाया। उनकी बदौलत स्पेन ने 4-0 से एकतरफा जीत हासिल की और इस वर्ल्ड कप में अपना जीत का खाता खोला।

यमाल ने मैच के 10वें मिनट में ही गोल कर दिया। इसके साथ ही वो वर्ल्ड कप में गोल करने वाले 8वें सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इस जीत से स्पेन की टीम ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पहले मैच में उसे केप वर्डे ने गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया था।

स्पेन के लिए मिकेल ओयरज़ाबाल ने 21वें और 24वें मिनट में दो गोल करके टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही (49वें मिनट) सऊदी के खिलाड़ी हसन ने ओन गोल कर दिया, जिससे स्पेन की बढ़त और मजबूत हो गई।

ईरान ने बेल्जियम को चौंकाया!

लॉस एंजेलिस: ईरान के गोलकीपर अलीरज़ा ने बेल्जियम के 7 गोल बचाए और अपनी टीम को दुनिया की 10वें नंबर की टीम के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, ईरान भी अपने मौकों को गोल में नहीं बदल सका। हैरानी की बात है कि बेल्जियम इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी गोल नहीं कर पाया है। पहले मैच में इजिप्ट के ओन गोल की वजह से वो हार से बच गया था।

सोमवार को हुए इस मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद हज़ारों फैंस ने ईरानी खिलाड़ियों का ध्यान भटकाने की कोशिश की। बता दें कि ईरान की टीम सिर्फ मैच खेलने के लिए अमेरिका में दाखिल होती है और मैच खत्म होते ही वापस लौट जाती है।

इजिप्ट ने 92 साल बाद जीता वर्ल्ड कप मैच!

वैंकूवर: 1934 में पहली बार फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाली इजिप्ट की टीम को अपनी पहली जीत के लिए 2026 तक का इंतज़ार करना पड़ा। 1990 और 2018 में भी टीम वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई हुई, लेकिन जीत नसीब नहीं हुई। सोमवार को इजिप्ट ने न्यूज़ीलैंड को 3-1 से हराकर 92 साल में अपनी पहली जीत का जश्न मनाया।

मैच के 15वें मिनट में फिन सुर्मन के गोल से न्यूज़ीलैंड ने बढ़त बना ली थी। लेकिन दूसरे हाफ में इजिप्ट ने ज़बरदस्त वापसी की। 58वें मिनट में मुस्तफा ज़िको, 67वें मिनट में मोहम्मद सालाह और 82वें मिनट में ट्रेज़ेगुएट ने गोल दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। अब ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में इजिप्ट का सामना ईरान से होगा। अगर इजिप्ट यह मैच ड्रॉ भी करा लेता है, तो उसके नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ जाएंगी।

केप वर्डे का कमाल जारी, उरुग्वे को 2-2 के ड्रॉ पर रोका!

मियामी: पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही केप वर्डे का शानदार प्रदर्शन जारी है। पहले मैच में स्पेन जैसी मज़बूत टीम को गोलरहित ड्रॉ पर रोकने के बाद, सोमवार को केप वर्डे ने अपने दूसरे मैच में उरुग्वे को 2-2 के ड्रॉ पर रोक दिया। इस नतीजे ने नॉकआउट में पहुंचने की उनकी उम्मीदों को ज़िंदा रखा है।

मैच के 21वें मिनट में केविन पिना ने गोल करके केप वर्डे के लिए वर्ल्ड कप का पहला गोल दागा। हालांकि, उरुग्वे ने जल्दी ही वापसी की। 44वें मिनट में अराउजो और 45+6वें मिनट में कैनोबियो ने गोल करके उरुग्वे को बढ़त दिला दी। लेकिन 61वें मिनट में हेलियो वरेला ने गोल करके केप वर्डे को हार से बचा लिया।

ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में केप वर्डे का सामना सऊदी अरब से होगा। अगर वो मैच जीत जाते हैं या ड्रॉ करा लेते हैं, तो उनके अंतिम-32 में पहुंचने की पूरी संभावना है।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Hockey World Cup 2026: कब और कहां देखें भारत के सभी मैच, इस दिन होगा भारत पाकिस्तान का महामुकाबला
Prichard Colon Death: 11 साल पहले रिंग में लगी चोट, 221 दिन कोमा में रहे बॉक्सर का निधन