
Argentina National Football Team: पिछली बार की वर्ल्ड कप चैंपियन अर्जेंटीना टीम FIFA वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक पहले एक बड़ी मुश्किल में फंस गई है। कप्तान लियोनेल मेसी (Lionel Messi) समेत टीम के सभी खिलाड़ियों के पासपोर्ट की जानकारी लीक हो गई है। यह जानकारी बेहद गोपनीय और निजी होती है। यह घटना आइसलैंड (Iceland) के खिलाफ अर्जेंटीना के एक प्रैक्टिस मैच से पहले सामने आई। इस मैच के लिए जो टीम लिस्ट जारी की गई, उसमें अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के नाम और जर्सी नंबर के साथ-साथ उनके पासपोर्ट की जानकारी भी छाप दी गई थी। इस जानकारी को छिपाया नहीं गया था। इस घटना को खिलाड़ियों की प्राइवेसी और डेटा की सुरक्षा का बड़ा उल्लंघन माना जा रहा है। टीम लिस्ट में अर्जेंटीना टीम के सभी सदस्यों के पासपोर्ट नंबर मौजूद थे। पत्रकारों और आम लोगों को यह लिस्ट देने से पहले मैच के आयोजकों को सावधान रहना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
हैरानी की बात यह है कि आइसलैंड के खिलाफ इस मैच में अर्जेंटीना के शुरुआती 11 और एक्स्ट्रा खिलाड़ियों के ही पासपोर्ट नंबर लीक हुए। टीम लिस्ट में आइसलैंड के किसी भी खिलाड़ी का पासपोर्ट नंबर नहीं था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सिर्फ अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के पासपोर्ट नंबर क्यों लीक किए गए। यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या किसी ने जानबूझकर ऐसा किया है। यह मैच अमेरिका के अलबामा (Alabama) में हुआ था, जिसे देखने के लिए 88,000 से ज्यादा दर्शक स्टेडियम में मौजूद थे। उनमें से कई लोगों तक मेसी और उनके साथियों की पासपोर्ट की जानकारी पहुंच गई है। इससे उनकी निजी प्राइवेसी तो भंग हुई ही है, साथ ही सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
अर्जेंटीना-आइसलैंड मैच के आयोजकों ने मेसी और टीम के पासपोर्ट की जानकारी लीक होने पर अब तक कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने इस घटना की जिम्मेदारी भी नहीं ली है। फीफा (FIFA) और अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (Argentine Football Association) की तरफ से भी इस मामले पर चुप्पी साधी गई है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि इस घटना से मेसी और उनके साथियों की सुरक्षा को कोई असल खतरा है या नहीं।