
PV Sindhu Match Result: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सिंधु ने कनाडा की झांग वेन यू को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराया। सबसे खास बात ये रही कि सिंधु ने यह मुकाबला महज 34 मिनट में अपने नाम किया।
पीवी सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। उन्होंने लगातार चार प्वाइंट्स हासिल कर शुरुआती बढ़त बना ली। हालांकि, झांग वेन यू ने वापसी करते हुए स्कोर को बराबरी के करीब ला दिया। इसके बावजूद सिंधु ने अपना धैर्य नहीं खोया और लगातार शानदार शॉट खेलती रहीं। भारतीय खिलाड़ी 11-9 की बढ़त के साथ इंटरवल में पहुंचीं। ब्रेक के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन गेम के निर्णायक दौर में सिंधु ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली। उन्होंने पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे गेम में कनाडाई खिलाड़ी ने सिंधु को कड़ी चुनौती दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच लगातार जोरदार रैलियां देखने को मिलीं और स्कोर एक समय 9-9 से बराबर था। इसके बाद झांग ने लगातार प्वाइंट्स हासिल किए और इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली। हालांकि, सिंधु ने दबाव में आने के बजाय अपने अनुभव का शानदार इस्तेमाल किया। इंटरवल के बाद उन्होंने लगातार पांच प्वाइंट्स हासिल किए और मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद सिंधु ने अपनी बढ़त बनाए रखी और दूसरा गेम 21-17 से जीत लिया। इस तरह उन्होंने लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और अगले राउंड में एंट्री कर ली है।
और पढे़ं- खेल के साथ-साथ कमाई के मैदान में भी हिट हैं सिंधु, करोड़ों की हैं मालकिन
कनाडाई खिलाड़ी के खिलाफ जीत के बाद सिंधु अब टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वांग जी यी से होगा। वांग जी यी ने भी अपने पिछले मुकाबले में मलेशिया की करुपाथेवन लेतशाना को 21-16, 21-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई है। ऐसे में सिंधु और वांग जी यी के बीच मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। सिंधु की नजर अब इस मुकाबले को जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने और खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी।
1. पीवी सिंधु ने किस खिलाड़ी को हराया?
सिंधु ने कनाडा की झांग वेन यू को 21-16, 21-17 से हराया।
2. पीवी सिंधु ने कितने समय में मैच जीता?
उन्होंने यह मुकाबला सिर्फ 34 मिनट में अपने नाम किया।
3. अगले दौर में पीवी सिंधु का मुकाबला किससे होगा?
प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना चीन की वांग जी यी से होगा।