
India Rowing Gold Medal: भारत ने रोइंग वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। यह पूरे देश के लिए गर्व का पल था, लेकिन अब यह ऐतिहासिक उपलब्धि खतरे में पड़ गई है। डोपिंग मामले में एक खिलाड़ी के फंसने के बाद भारत का यह गोल्ड मेडल वापस लिया जा सकता है। जून 2026 में स्विट्जरलैंड में आयोजित रोइंग वर्ल्ड कप में भारत की पुरुष लाइटवेट डबल्स स्कल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता था। इस टीम में लक्ष्य और उज्ज्वल कुमार सिंह शामिल थे। लेकिन अब इस ऐतिहासिक जीत पर सवाल खड़े हो गए हैं।
रोइंग वर्ल्ड कप शुरू होने से लगभग एक महीने पहले, 25 मई 2026 को खिलाड़ियों का डोप टेस्ट लिया गया था। जांच के दौरान भारतीय रोवर लक्ष्य का सैंपल पॉजिटिव पाया गया। रिपोर्ट में उनके सैंपल में स्टैनोजोलोल (Stanozolol) नाम का प्रतिबंधित प्रदर्शन बढ़ाने वाला पदार्थ मिला। डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद लक्ष्य को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही, सैंपल लिए जाने की तारीख के बाद उनके सभी परिणाम रद्द कर दिए गए हैं। ऐसे में रोइंग वर्ल्ड कप 2026 में भारत द्वारा जीता गया ऐतिहासिक गोल्ड मेडल भी वापस लिया जा सकता है।
और पढे़ं- कौन हैं अनाहत सिंह? जानिए कैसे भारत की बेटी बनी वर्ल्ड जूनियर स्क्वॉश चैंपियन
अगर डोपिंग का आरोप सही साबित होता है, तो भारत के लिए यह बड़ा झटका होगा। नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) ने लक्ष्य को नोटिस जारी किया है। अब उन्हें एजेंसी के सामने अपनी सफाई पेश करनी होगी। यदि लक्ष्य अपनी बेगुनाही साबित नहीं कर पाते हैं, तो उन पर चार साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। साथ ही, भारत की गोल्ड मेडल जीत भी आधिकारिक तौर पर रद्द हो सकती है।
हाल के सालों में भारतीय खिलाड़ियों के डोपिंग मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। कुछ समय पहले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चुने गए तीन खिलाड़ियों को भी डोपिंग के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था। अब सभी की नजरें NADA की अंतिम जांच और फैसले पर टिकी हैं। इसी के बाद यह साफ होगा कि लक्ष्य पर क्या कार्रवाई होगी और क्या भारत अपना ऐतिहासिक रोइंग वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल बचा पाएगा।
1. भारत का गोल्ड मेडल क्यों खतरे में है?
भारतीय रोवर लक्ष्य का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के कारण गोल्ड मेडल वापस लिया जा सकता है।
2. डोप टेस्ट में कौन-सा प्रतिबंधित पदार्थ मिला?
लक्ष्य के सैंपल में स्टैनोजोलोल (Stanozolol) पाया गया।
3. अगर आरोप सही साबित हुआ तो क्या होगा?
लक्ष्य पर 4 साल तक का बैन लग सकता है और भारत का गोल्ड मेडल भी रद्द हो सकता है।