बिहार में एनडीए का 'चौथा चरण': 7 दिन-14 टीम और 69 सीटों का मेगा अभियान

Published : Sep 05, 2025, 05:59 PM IST
Bihar nda press conference

सार

Bihar Chunav 2025: एनडीए ने बिहार चुनाव के लिए 7-दिवसीय महाअभियान की घोषणा की। 14 टीमें 10-16 सितंबर तक 69 सीटों पर जनसंपर्क करेंगी।

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी सबसे बड़ी और अंतिम चुनावी रणनीति का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को जदयू कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के चौथे और अंतिम चरण की घोषणा की गई। 10 सितंबर से 16 सितंबर तक चलने वाले इस 7 दिन के महाअभियान में 14 अलग-अलग टीमें 69 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करेंगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए गठबंधन चट्टानी एकता के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि 69 विधानसभा में सम्मेलन करने जा रहे हैं जिसमें सभी बड़े नेता भाग लेंगे। जायसवाल ने यह भी कहा कि वे लोग रोड पर दिखावा नहीं करते हैं बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करते हैं।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेहद आत्मविश्वास के साथ कहा कि वे लोग सरकार बनाएंगे और सीधे तौर पर 2025 से 30 तक फिर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने आगे कहा कि एनडीए की चट्टानी एकता और जमीनी कार्यकर्ताओं का समर्थन इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा।

कब कहां होगा कार्यक्रम

10 सितंबर को एनडीए की टीमें मांझी, हरनौत, जहानाबाद, सुल्तानगंज, परबत्ता, नवादा और सिकंदरा में कार्यक्रम आयोजित करेंगी। 11 सितंबर को जीरा देई, फुलवारी शरीफ, बेलागंज, तारापुर, आलमनगर, ओबरा और गायघाट में सम्मेलन होंगे। 12 सितंबर को हटवा, अस्थावा, सासाराम, दरिया, सिमरी, बख्तियारपुर, अत्री और कुशेश्वरस्थान में कार्यक्रम होंगे।

13 सितंबर को महाराजगंज, मसूरी, दिनारा, चकाई, मधेपुरा, गरुआ और राजापाकड़ में सभाएं आयोजित की जाएंगी। अंत में 16 सितंबर को बहादुरपुर, समस्तीपुर, शेखपुरा, चेरिया, बरियारपुर, सुपौल, मोकामा और भोरे में अंतिम चरण के कार्यक्रम होंगे। इस तरह कुल मिलाकर 69 विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए अपना महाअभियान चलाएगा।

दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष भ्रम जाल फैला रहा है और माहौल को खराब कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है। जायसवाल ने विपक्ष को विकास पर बहस की खुली चुनौती देते हुए कहा कि विपक्ष जहां है वहां विकास पर चर्चा कर ले।

14 टीमों का गठन

एनडीए ने 14 अलग-अलग टीमों का गठन किया है जो समानांतर रूप से काम करेंगी। प्रत्येक टीम में भाजपा-जदयू के संयुक्त नेता होंगे और स्थानीय विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं का नेतृत्व होगा और महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं की विशेष भागीदारी होगी।

जायसवाल ने बताया कि वे एक-एक मतदाता के घर तक जाएंगे और सरकार के द्वारा जो काम किया गया है उसे बताएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल दिखावा नहीं है बल्कि वास्तविक जनसंपर्क का हिस्सा है। एनडीए का यह अभियान घर-घर तक सरकार के कामों की जानकारी पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है।

यह चौथा चरण एनडीए की चुनावी तैयारी का निर्णायक चरण माना जा रहा है। पिछले तीन चरणों में संगठन मजबूतीकरण, नेता-कार्यकर्ता तालमेल और जनसंपर्क की शुरुआत हुई थी। अब यह चौथा चरण सबसे व्यापक कवरेज के साथ 69 सीटों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस महाअभियान की राजनीतिक महत्वता इस बात से समझी जा सकती है कि 69 सीटों में उत्तर बिहार की 24 सीटें, दक्षिण बिहार की 22 सीटें, पूर्वी बिहार की 12 सीटें और पश्चिम बिहार की 11 सीटें शामिल हैं। इससे राज्य के सभी भौगोलिक क्षेत्रों में एनडीए की पहुंच सुनिश्चित होगी।

PREV

बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Nitish Kumar ने PM Modi का जिक्र कर विपक्ष को दी चेतावनी! देखें पूरा बयान
रसगुल्ला कम पड़ते ही शादी बनी जंग का मैदान