CG News: CM विष्णु देव साय ने जशपुर में ‘सियान गुड़ी’ किया लॉन्च, बुजुर्गों के लिए आधुनिक डे-केयर सेंटर की बड़ी सौगात

Published : Apr 17, 2026, 07:17 PM IST
Vishnu Deo Sai launch siyan gudi day care center jashpur

सार

जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर का लोकार्पण किया। यह केंद्र बुजुर्गों के लिए योग, स्वास्थ्य जांच, मनोरंजन और कौशल विकास जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और सक्रिय जीवन देना है।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए गए अत्याधुनिक डे-केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनसे आत्मीय बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर सभी वरिष्ठजन बेहद खुश नजर आए और उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

बुजुर्गों का सम्मान: फूड बास्केट और उपहार वितरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए। साथ ही उन्हें धार्मिक पुस्तक, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और उनकी देखभाल करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बदलते समाज में बुजुर्गों की चुनौतियां

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों के लिए जाना जाता है। लेकिन बदलते समय में एकल परिवारों की संख्या बढ़ रही है, रोजगार के लिए युवाओं का पलायन हो रहा है और व्यस्त जीवनशैली के कारण कई बुजुर्ग दिन के समय अकेले रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि यह अकेलापन केवल भावनात्मक ही नहीं बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर डालता है।

‘सियान गुड़ी’ की परिकल्पना और उद्देश्य

इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ‘डे-केयर सेंटर- सियान गुड़ी’ की शुरुआत की गई है। यह केंद्र बुजुर्गों के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सक्रिय वातावरण प्रदान करेगा। यहां वे दिनभर समय बिताकर नई ऊर्जा और उत्साह महसूस कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने केंद्र का निरीक्षण करते हुए इसकी सुविधाओं की सराहना की और इसे एक आदर्श पहल बताया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का बयान: सामाजिक समरसता को बढ़ावा

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘सियान गुड़ी’ के माध्यम से सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सम्मानजनक और खुशहाल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यह पहल समाज में समरसता को मजबूत करेगी और पारिवारिक मूल्यों को भी नई ऊर्जा देगी।

‘सियान गुड़ी’ में उपलब्ध आधुनिक सुविधाएं

जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर रोड स्थित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समग्र डे-केयर यूनिट के रूप में विकसित किया गया है। यहां निम्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी:

  • योग, प्राणायाम और व्यायाम
  • मनोरंजन, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियां
  • डिजिटल और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम
  • कौशल विकास और पुनः कौशल प्रशिक्षण
  • प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और बेसिक दवाएं
  • टेली कंसल्टेशन और स्वास्थ्य जागरूकता सत्र
  • फिजियोथैरेपी और व्यायाम सुविधाएं
  • स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानूनी सहायता की व्यवस्था

केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कानूनी और पारिवारिक परामर्श की सुविधा भी दी जाएगी। यदि किसी बुजुर्ग के साथ उपेक्षा या दुर्व्यवहार होता है, तो वे नेशनल हेल्पलाइन नंबर 14567 और राज्य स्तरीय सियान हेल्पलाइन 155326 पर संपर्क कर सकते हैं।

अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं

‘सियान गुड़ी’ को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिसमें शामिल हैं:

  • बाधारहित और दिव्यांग अनुकूल वातावरण
  • व्हील चेयर और आरामदायक बैठने की व्यवस्था
  • अलग-अलग जेंडर के लिए शौचालय
  • बड़ा हॉल, पुस्तकालय और रीडिंग कॉर्नर
  • टीवी, रेडियो, सीसीटीवी और बायोमैट्रिक सिस्टम
  • हेल्थ चेकअप डेस्क और टेलीमेडिसिन सुविधा
  • रोजाना गतिविधियां और कार्यक्रम

इस केंद्र में प्रतिदिन 6 से 8 घंटे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जैसे- योग, व्यायाम, भोजन और चाय-नाश्ता, मनोरंजन, स्वास्थ्य जांच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह चर्चा और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग के कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, पुलिस कमिश्नर श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी श्री लाल उमेंद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Vedanta Power Plant Blast: शुरुआती जांच में खुल रहीं चौंकाने वाली लापरवाही की परतें
Lavanya Sukma Story: सुकमा की लावण्या को मिली नई जिंदगी, क्लैफ्ट लिप ऑपरेशन से लौटी मुस्कान और आत्मविश्वास