
Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश समारोह और हरेली उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने श्री वर्मा और उनके परिवार को नए आवास में गृह प्रवेश की बधाई दी और उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हरेली जैसे शुभ अवसर पर राजस्व मंत्री का नए शासकीय आवास में गृह प्रवेश समारोह को और खास बनाता है। हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा करते हैं। साथ ही अच्छी बारिश, भरपूर फसल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। यह पर्व खेती, प्रकृति और लोकजीवन के आपसी संबंध को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का मजबूत आधार खेती-किसानी है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और उनकी समृद्धि में ही राज्य की समृद्धि है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण और आयवर्धक गतिविधियों के जरिए किसानों को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Chhattisgarh News: टेक्सटाइल से AI तक, छत्तीसगढ़ में उद्योगों की नई क्रांति, युवाओं को बड़ा मौका
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसके साथ ही प्रदेश में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होता है। अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह है और बेहतर फसल की उम्मीद बढ़ी है।
ये भी पढ़ें- Hareli Tihar 2026: हरेली के रंग में रंगा CM साय का निवास, दिखी छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति
समारोह में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की सुंदर प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम सहित कई मंत्री, विधायक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्री वर्मा के परिजन उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।