
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत किसानों को उन्नत तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और फसल सुरक्षा से जुड़ी जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इन प्रयासों का असर अब प्रदेश के कई गांवों में दिखाई देने लगा है, जहां किसान नई तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन की ओर बढ़ रहे हैं।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के माध्यम से किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक उत्पादन देने वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य खेती को अधिक लाभकारी बनाना और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। इसी पहल का लाभ सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम कृष्णापुर निवासी किसान शुभम दुबे को भी मिला है।
कृषक शुभम दुबे ने अपनी लगभग दो एकड़ भूमि में मक्का की फसल लगाई है। कृषि विभाग की ओर से उन्हें उन्नत किस्म के मक्का बीज उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही खाद और खरपतवार नियंत्रण के लिए आवश्यक दवाओं की भी व्यवस्था की गई। विभागीय मार्गदर्शन के कारण फसल की देखरेख वैज्ञानिक तरीके से हो सकी, जिससे पौधों का विकास बेहतर हुआ।
शुभम दुबे बताते हैं कि पहले वे अपने खेत में मुख्य रूप से सब्जियों की खेती करते थे। हालांकि मेहनत के बावजूद उन्हें अपेक्षित उत्पादन और लाभ नहीं मिल पाता था। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत कृषि विभाग से संपर्क किया और उन्नत तकनीक के साथ मक्का की खेती शुरू की।
उनका कहना है कि बेहतर बीज और संतुलित पोषण प्रबंधन के कारण फसल की बढ़वार काफी अच्छी रही। वहीं खरपतवार नियंत्रण के लिए सुझाई गई दवाओं के उपयोग से फसल को पर्याप्त पोषण और विकास का अवसर मिला। इसका सीधा असर उत्पादन की गुणवत्ता पर भी दिखाई दे रहा है।
शुभम दुबे को उम्मीद है कि इस बार उनकी मक्का की फसल समय पर तैयार होगी और बाजार में अच्छी कीमत भी मिलेगी। यदि उपज को उचित दाम मिलता है तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और भविष्य में आधुनिक खेती अपनाने का उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
कृषि विभाग से समय पर मिले मार्गदर्शन और सहायता से उत्साहित शुभम दुबे ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से छोटे और पारंपरिक किसानों को नई दिशा मिल रही है। इससे किसानों का खेती के प्रति भरोसा बढ़ा है और वे आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।