
रायपुर। राज्य शासन की सेवा में लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बाद अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए तीन अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में आज मंत्रालय महानदी भवन में गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों का शॉल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में श्रम विभाग के अवर सचिव श्री कीर्तिवर्धन उपाध्याय, गृह विभाग के स्टाफ ऑफिसर श्री राजेश हीरा तथा स्कूल शिक्षा विभाग के दफ्तरी श्री चैनसिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सभी को उनके लंबे शासकीय सेवा काल के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और पूरी निष्ठा के साथ की गई शासकीय सेवा हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की मजबूती में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा उनके योगदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा जाना चाहिए।
मंत्री श्री देवांगन ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद, सम्मानपूर्ण एवं सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवा से निवृत्ति जीवन का नया अध्याय होता है, जिसे सकारात्मक ऊर्जा और अनुभवों के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में मंत्रालय महानदी भवन के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।