
Encounter in Gariaband: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया है। इस ऑपरेशन में एक करोड़ रुपए का इनामी मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण भी मारा गया। मोडेम और बाकी नक्लियों की मौत की पुष्टि एसपी निखिल राखेचा ने की है। छत्तसीगढ़ सरकार और सुरक्षाबलों के लिए यह एक बड़ी सफलता है।
सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि इस ऑपरेशन में एसटीएफ, कोबरा (सीआरपीएफ की कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन) और राज्य पुलिस के जवान शामिल हैं। बता दें कि सुरक्षाबलों ने बुधवार को यह ऑपरेशन शुरू किया था। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगल में सुरक्षाकर्मी नक्सल विरोधी अभियान पर थे, इसी दौरान उनका सामना नक्सलियों से हो गया और दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। अब एक दिन बाद अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अच्छी बात यह है कि अभी तक सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान नहीं उठाना पड़ा है।
मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण की गिनती नक्सली संगठन के चीफ नेताओं में होती थी। उसने कई वारदातों को अंजाम दिया है। उस पर लूटपाट से लेकर हत्या तक के कई मामले दर्ज हैं। वह छत्तीसगढ़ समेत देश भर के नक्सली गतिविधियों का मास्टरमाइंड था। उसे खत्म कर सुरक्षाबलों ने नक्सली संगठन की रीढ़ तोड़ दी है।
अधिकारियों ने बताया है कि अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यह अभियान गरियाबंद जिले में चल रहे सघन नक्सल उन्मूलन अभियान का हिस्सा है।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।